“प्रार्थना उत्सव” में शामिल हुए स्थानीय भाजपा विधायक एवं पूर्व विधान पार्षद, महिला उत्थान एवं सम्मान का दिया संदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

मधुबनी, बिहार (29/09/2022): बिहार के मधुबनी जिला अंतर्गत बासोपट्टी प्रखंड के चचराहा गांव में धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल में 27 सितंबर 2022, मंगलवार को “प्रार्थना उत्सव” के रूप में मनाया गया, मिथिला विदुषी जगततारिणी दीदी की 25वीं पुण्यतिथि। उक्त अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में स्थानीय भाजपा विधायक अरुण शंकर प्रसाद, पूर्व विधान पार्षद सदस्य एवं भाजपा के कद्दावर नेता सुमन महासेठ, महिला विकास मंच की जिलाध्यक्षा दीपशिखा सिंह, महिला विकास मंच के जिला महासचिव मनीष सिंह यादव समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहें।

आपको बता दें कि दीदी जगततारिणी द्वारा देश और दुनिया भर में शिक्षा जगत में कई उल्लेखनीय कार्य किया गया है, वहीं उन्होने महिला विकास एवं उत्थान को अपने जीवन का लक्ष्य और ध्येय बनाकर कार्य किया। दुनिया के कई देशों द्वारा उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मानों से भी अलंकृत किया गया।

दीदी जगततारिणी के 25वीं पुण्य तिथि के अवसर पर अयोजित प्रार्थना उत्सव में महिला विकास मंच मधुबनी, रोटी बैंक जयनगर सहित समस्त जिलेवासियों की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही और सबों ने दीदी को प्रणाम कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किया।

उक्त अवसर पर मुख्य अतिथि सुमन महासेठ ने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि ” हमें अपने विरासत और अपने इतिहास पर गर्व करना चाहिए, और अपने पीढ़ियों को इससे अवगत कराना चाहिए।”

वहीं मुख्य अतिथि एवं स्थानीय विधायक अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि ” हमारा जन्म जिस भूमि पर हुआ है यह पावन धरा सदैव ही मातृ प्रधान एवं नारी प्रधान रहा है, और अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की प्रथा हमारे संस्कारों में है।

वहीं कार्यक्रम में शिरकत करते हुए महिला विकास मंच की जिलाध्यक्षा दीपशिखा सिंह ने दीदी जगततारिणी को नमन करते हुए कहा कि ” समाज में महिलाओं के लिए उनका जीवन एक आदर्श और दर्शन है। जिस प्रकार से उन्होंने एक छोटे से गांव से अपनी यात्रा शुरू कर देश और दुनियाभर में अपनी ख्वाति स्थापित की।”

वहीं कार्यक्रम में स्वागत भाषण के रुप में मंच पर उपस्थित प्रो. रामचंद्र झा ने अपना संबोधन व्यक्त किया, उन्होने मिथिला की पवित्र भूमि की उर्वरता एवं महानता पर अपना विचार व्यक्त किया।

मंच संचालन पत्रकार एवं साहित्यकार “रंजन अभिषेक” ने किया, कार्यक्रम का मुख्य अयोजन सुनील कुमार सिंह ( भारतीय रेलवे) एवं उनकी पत्नी सपना सिंह द्वारा किया गया।

वहीं कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रमिला देवी (मुखिया, सेलीबेली पंचायत), मनोज कुमार साह ( मुखिया, पुरसौलिया पंचायत), जितेंद्र सिंह (मुखिया, नरार पंचायत) सुधीर कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, सुनील कुमार सिंह (भारतीय रेलवे), रमेश सिंह, संजय सिंह (शिक्षक) सहित समस्त परिवार के लोग एवं जिलेवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।