‘भारतीय जनता पार्टी शासित MCD दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बना रही है’: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/09/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी शासित एमसीडी पर आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी शासित MCD दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बनाना चाहती है। ये दिल्ली में 16 और कूड़े के पहाड़ बना रहे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि दिल्ली और देश के लोग ये चाहते हैं कि देश की राजधानी सुंदर हो, वातावरण अच्छा हो। हमने पिछले कुछ सालों के अंदर दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में काफी इंप्रूवमेंट किए लेकिन सफाई बहुत खराब है। दिल्ली के अंदर चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा है, जिसे लेकर सबको थोड़ी शर्म भी आती है कि हमारे दिल्ली इतनी गंदा क्यों है?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि खासतौर पर ये तीन कूड़े के पहाड़ गाजीपुर, ओखला और भलस्वा में जो है। ये केवल शर्म का कारण नहीं है। लेकिन आस-पास जितनी आबादी रहती है उसके लिए बिल्कुल नर्क की जिंदगी है। एक-एक पहाड़ के पास कई-कई किलोमीटर तक इन कूड़े पहाड़ों की बदबू पहुंचती है, चारों तरफ मच्छर मक्खी है और कभी भी इन पहाड़ों पर आग लग जाता है और उसका धुआं चारों तरफ फैलता है। ये ना केवल सुंदरता पर कलंक लगाते हैं बल्कि आस-पास के लोगों के जीवन को भी नर्क बनाते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हज़ारों करोड़ ख़र्च करके भी इन 3 पहाड़ों की ऊंचाई बढ़ रही है। ये 16 और नए कूड़े के पहाड़ बनाने का प्लान कर रहे हैं। तब दिल्ली के हर इलाक़े में कूड़े का एक पहाड़ होगा। 24 घंटे बदबू, धुआं और मक्खी-मच्छर झेलने पड़ेंगे। दिल्ली कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बन जाएगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ़ हमने दिल्ली में 500 ऊँचे-ऊँचे तिरंगे लगाए, बड़ी-बड़ी झीलें बना रहे हैं, देश की राजधानी का सौंदर्यीकरण कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी शासित एमसीडी दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों की राजधानी बना रही है। दिल्ली के लोग और 16 पहाड़ नहीं चाहते। वो चाहते हैं पुराने 3 पहाड़ भी ख़त्म हों।