अरविंद केजरीवाल का अभियान “किडनैपिंग गैंग” से रूकने वाला नहीं है: संजय सिंह

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/09/2022): आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो पूरी दुनिया कि सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है। वो पूरे दुनिया का सबसे बड़ा विधायकों को किडनेप करने वाला किडनेपिंग गैंग है। भाजपा का पूरा फोकस ऑपरेशन लोटस है।

संजय सिंह ने कहा कि हर जगह ऑपरेशन लोटस यानी कि लोकतंत्र की हत्या करने के लिए ऑपरेशन है। संविधान की हत्या करने के लिए है ऑपरेशन। एक अनोखा ऑपरेशन जिसका अविष्कार भारतीय जनता पार्टी ने किया है उसका नाम ऑपरेशन लोटस है, और लोटस का मतलब कमल का चुनाव चिन्ह यानी अपने चुनाव चिन्ह के नाम पर भारतीय जनता पार्टी विधायकों की खरीद-फरोख्त का धंधा करती है। विधायकों के खरीद-फरोख्त के काम से सरकारों को गिराने का काम करती है।

संजय सिंह ने कहा कि यह काम किसी एक राज्य में नहीं मध्यप्रदेश, कर्नाटक, उत्तरांचल, अरुणाचल और बंगाल में ये प्रयोग किया। पूरे देश के अंदर सरकारों को गिराना, तोड़ना, खरीदना, सीबीआई-ईडी का इस्तेमाल करके धमकाना यहीं भारतीय जनता पार्टी का काम है। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र के अंदर पूरी की पूरी शिवसेना को तोड़ दिया‌‌।

संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जो प्रयोग दिल्ली में फेल हो गया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनीष सिसोदिया को तोड़ने का, उन पर सीबीआई की फर्जी जांच करा कर उनको धमकाने का, उनके ऊपर दबाव बनाने का और हमारे विधायकों को खरीदने का दिल्ली में जो इनका 800 करोड़ का बजट था वो अब पंजाब में बढ़ गया है।

संजय सिंह ने कहा कि करीब 10 से 12 विधायकों को खरीदने की पूरी योजना भारतीय जनता पार्टी ने बनाई। 25-25 करोड़ का ऑफर दिया और कुल संख्या विधायकों की तोड़ने की 55 है। तो 1375 करोड़ रुपए अपना ये किडनैपिंग गैंग चलाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब का बजट रखा है।

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी हर राज्य में शिक्षा-स्वास्थ्य, बिजली-पानी के बजट की बात करती है। भारतीय जनता पार्टी हर राज्य में विधायक ख़रीदने के बजट की बात करती है। दिल्ली का बजट है 800 करोड़ और पंजाब का बजट 1375 करोड़ रुपए है। 2100 करोड़ रुपए भारतीय जनता पार्टी जेब में लेकर घुम रही है।

संजय सिंह ने कहा कि आज गोवा कांग्रेस के 8 विधायकों को ख़रीद लिया गया है। क्या कर रही थी CBI और ED? इन छुट्टा सांडों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? भारतीय जनता पार्टी वालों, अरविंद केजरीवाल का अभियान किडनैपिंग गैंग से रूकने वाला नहीं है। दिल्ली-पंजाब और गुजरात के बाद पूरे देश में फैलेगा।