गुजरात में अरविंद केजरीवाल का मास्टर प्लान, ऑटो वाले करेंगे आम आदमी पार्टी का प्रचार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (12/09/2022): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुजरात दौरे पर हैं। अरविंद केजरीवाल टाउनहॉल में गुजरात के ऑटो चालकों के साथ संवाद किया। इस दौरान एक ऑटो रिक्शा वाले ने अरविंद केजरीवाल को अपने घर खाने पर आमंत्रित किया और कहा कि आप पंजाब में एक ऑटो वाले के कहने पर उनके घर खाना खाने गए थे‌। ये वीडियो मैंने सोशल मीडिया पर देखी थी। क्या आप मेरे साथ खाना खाने आएंगे। इसके जवाब में केजरीवाल ने हां कहा और कहा कि आज शाम को आते हैं।

केजरीवाल ने अपने संबोधन में भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश और मीडिया वालों को डरा रखा है। इनके मालिकों को गालियां देते हैं। ये हमारी बात दिखा नहीं पाते। हमारे साथ जनता है। आप मोबाइल से मेरी बात रिकॉर्ड कर सभी व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजना। हम सोशल मीडिया से गुजरात में सरकार बनाएंगे।

केजरीवाल ने कहा कि ये बोलते हैं कि मैं फ़्री की रेवड़ी बांटता हूं। इनके बच्चे विदेश में पढ़ें और हमारे बच्चे को सरकारी स्कूल में अच्छी शिक्षा मिले, वो भी बर्दाश्त नहीं।इन्हें वोट दिया तो आपके बच्चे बर्बाद होंगे, हमें वोट दिया तो बच्चों को फ़्री शिक्षा मिलेगी।

केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों को 4000 यूनिट फ़्री बिजली मिलती हैं। मैं लोगों को 300 यूनिट फ़्री देने की बात करता हूँ तो इन्हें मिर्ची लगती है। ये कहते हैं कि ‘फ़्री की रेवड़ी’ बांट रहा है। बेशर्मों, ग़रीब जनता को 300 यूनिट फ़्री बिजली तो लेने दो।

केजरीवाल ने बताया कि कैसे गुजरात के ऑटो वाले, दिल्ली के ऑटो वालों की तरह आम आदमी पार्टी की सरकार बना सकते हैं। केजरीवाल ने मूल मंत्र देते हुए ऑटो चालक से कहा कि आप अपने सवारी को हमारे सारे काम बताना कि केजरीवाल को वोट क्यों देना चाहिए।

केजरीवाल ने कहा कि 18 साल से ऊपर की जो महिलाएं हैं, हर महीने हर महिला के अकाउंट में 1000 रुपये जाएंगे। अगर घर में तीन महिलाएं 18 साल से ऊपर हैं तो हर महिला को अलग-अलग 1-1 हज़ार रुपये मिलेंगे। ये फ़्री की रेवड़ी चाहिए कि नहीं चाहिए? सबको चाहिए।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में ऑटो वालों को धारा 188 से मुक्ति दिलाई थी। गुजरात में भी धारा 188 से मुक्ति दिलाएंगे। आपको RTO जाने की ज़रूरत नहीं होगी। सभी काम अफ़सर आपके पास आकर करेगा। लेकिन आम आदमी पार्टी की सरकार बनानी होगी। ऑटोवाले 2 महीने आम आदमी पार्टी के लिए काम करें।