“सपने में भी नहीं सोचा था राजनीति में आऊंगा” : अरविंद केजरीवाल, भाजपा पर हमलावर हुए केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/09/2022): आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दो दिन की हरियाणा यात्रा पर है। दोनों कल यानी बुधवार को हरियाणा के हिसार में ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन की शुरुआत किए। इसी कड़ी में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान हरियाणा के आदमपुर में इस देशव्यापी मुहिम के तहत पहली तिरंगा यात्रा निकाले हैं। तिरंगा यात्रा के बाद दोनों हरियाणा के आदमपुर मंडी में एक जनसभा में शामिल हुए। जनसभा के दौरान अरविंद केजरीवाल ने आदमपुर की जनता से कहा कि 2022 में आदमपुर जीता दो, 2024 में हरियाणा में सरकार बना लेंगे। साथ ही भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

अरविंद केजरीवाल ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने 9वीं-10वीं हिसार के कैंपस स्कूल की, 11वीं-12वीं डीएन स्कूल से और पूरे हरियाणा में छठी रैंक लाया। IIT गया और पढ़ाई पूरी की।अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि राजनीति में आऊँगा ।हरियाणा से जहाँ भी गया, आपका माथा ऊँचा रखा, सर झुकने नहीं दिया।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेलानिया ट्रम्प दिल्ली के सरकार स्कूल देखने आई। हरियाणा का सीना चौड़ा हो गया कि उनके लाल ने स्कूल शानदार बना दिए। नॉर्वे की पूर्व पीएम मोहल्ला क्लिनिक देखने आई और कहा कि पूरी दुनिया में ऐसे क्लिनिक बनने चाहिए। 24/7 मुफ्त बिजली देने का जादू केवल मुझे ही आता है।

अरविंद केजरीवाल ने सरकारी स्कूलों को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधते हुए कहा कि खट्टर साहब सरकारी स्कूल बंद कर रहे हैं। इन्होंने स्कूलों को कबाड़खाना बना रखा है। दिल्ली में उलटी गंगा बह रही है। 4 लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूल से नाम कटवा कर सरकारी स्कूल में दाख़िला लिया है। हरियाणा के स्कूल भी ठीक करवा लो। मुझे ठीक करने आते हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मेरे भाई भगवंत मान ने पंजाब में भ्रष्टाचार ख़त्म कर दिया। 100 मोहल्ला क्लीनिक खोल दिए, स्कूल भी ठीक कर रहे हैं, जीरो बिल भी आने लगे। पूरी दुनिया में ये सब कर रहा हूँ। हरियाणा वालों से कहता हूँ कि तुम भी करा लो मुझसे? ये तो मेरा राज्य है।

अरविंद केजरीवाल ने टैक्स को लेकर भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने इतने अनाप-शनाप टैक्स लगा दिए हैं जिसके कारण महंगाई हो रही है। एक पैदा हुआ बच्चा भी टैक्स देता है। आप एक रोटी और एक प्याली दही खाते हो तो ₹1- ₹1 GST देते हो। कपड़े-पंखे पर टैक्स देते हो। ये एक बार और आ गए तो सांस लेने पर भी टैक्स लग जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक समय था जब हरियाणा में आदमपुर की चौधराहट होती थी। यहाँ से आम आदमी पार्टी को जिता दो, चौधराहट वापस आ जाएगी। 2019 में पंजाब में एक सीट जीती थी, 2022 में सरकार बना ली।
आप 2022 में आदमपुर जिता दो, 2024 में हरियाणा में सरकार बना लेंगे।

अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने 20-20 करोड़ में हमारे 40 विधायक खरीद कर सरकार गिराने की कोशिश की। इनके पास 800 करोड़ कहां से आये? इन्होंने कर्नाटक, असम, गोवा, एमपी में सरकारें तोड़ी। इन्होंने सरकारें गिराने के लिए 6000 करोड़ से ज्यादा रुपए में 277 विधायक ख़रीदे है। ये आपके टैक्स का पैसा था।

अरविंद केजरीवाल ने आखिर में कहा कि मेरी ज़िंदगी का अब एक ही मक़सद है कि भारत को किसी भी हालत में दुनिया का नंबर 1 देश बनाना है। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं सबको जोड़ने के लिए निकला हूं। सभी ‘मेक इंडिया नंबर 1’ मिशन से जुड़ें।