असम के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को दिया नसीहत, “भारत जोड़ो यात्रा” हिंदुस्तान में नहीं पाकिस्तान में निकालना चाहिए

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07/09/2022): कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज से शुरू हो गई है। इसे लेकर भारतीय जनता और कांग्रेस में बयानबाजी भी तेज हो गई है। वहीं भाजपा ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के नाम को लेकर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साध रही है। उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि भारत टूटा कहां है जो आप जोड़ने निकले हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की यात्रा की शब्दावली पर मुझे एतराज है। भारत टूटा कहां है जो आप जोड़ने निकले हैं। आप किस प्रकार से कह सकते हैं कि भारत टूटा है? मुद्दों के आधार पर आपने भारत को बांट रखा था।जम्मू-कश्मीर को भारत का अंग नहीं बनने दे रहे थे। आप ट्रिपल तलाक का समर्थन कर रहे थे वो हमने हटाया। अपनी यात्रा से आप भारत को फिर से इन मुद्दों के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि “भारत का बंटवारा 1947 में हो गया था। अगर भारत जोड़ो यात्रा करनी है तो राहुल गांधी को यह यात्रा पाकिस्तान में करनी चाहिए, भारत में यात्रा करने से क्या होगा। भारत तो जुड़ा हुआ है।”