दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने तमिलनाडु में 26 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और 15 मॉडल स्कूल का किया शुभारंभ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05/09/2022): तमिलनाडु सरकार की ओर से आज यानी सोमवार को 26 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और 15 मॉडल स्कूल का उद्घाटन किया गया। यह मॉडल दिल्ली के स्कूलों पर आधारित है। राज्य के सरकारी भारती महिला कॉलेज में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने तमिलनाडु समकक्ष एम के स्टालिन की उपस्थिति में यहां इस योजना का शुभारंभ किया है।

अरविंद केजरीवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैं एम के स्टालिन साहब को बधाई देता हूं। शिक्षक दिवस मनाने का यह शानदार तरीका है। आज तमिलनाडु को 26 स्कूल ऑफ एक्सीलेंस और 15 मॉडल स्कूल मिले हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत में स्कूल जाने वाले 27 करोड़ बच्चों में से 2/3 सरकारी स्कूल में जाते हैं। अधिकांश सरकारी स्कूलों की स्थिति वास्तव में दयनीय है। भारत एक विकसित और नंबर 1 देश कैसे बन सकता है। जब 66% छात्र सड़ी-गली शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं?

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं बहुत निराश हूं। मैं सुनता रहता हूं कुछ राज्य सरकारी स्कूलों बंद कर रहे हैं, कुछ अधिक फ़ीस ले रहे हैं। एक ग़रीब अपने बच्चों को कैसे पढ़ाएगा? हमारे 2/3 बच्चे अनपढ़ रहेंगे। जिस देश में 2/3 बच्चे निरक्षर हैं, वो देश आगे नहीं बढ़ सकता।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि फ्री क्वालिटी एजुकेशन देश में जन्म लेने वाले प्रत्येक बच्चे का अधिकार होना चाहिए, चाहे वह अमीर हो या गरीब। प्रत्येक बच्चे को मुफ़्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना प्रत्येक सरकार का कर्तव्य होना चाहिए।।