कांग्रेस का महंगाई, जीएसटी, बेरोजगारी के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन, रामलीला मैदान में होगी रैली

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली, (03/09/2022): देश में बढ़ती महंगाई, जीएसटी, बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कल मंहगाई पर हल्ला बोल रैली करने जा रही है। जिसमें पूरे देश से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। आपको बतादें कि भारत जोड़ो यात्रा से पहले ये रैली हो रही है।

 

आपको बतादें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य नेता महंगाई पर हल्ला बोल रैली को संबोधित करेंगे। इसमें देश के अन्य हिस्सों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। यह रैली सात सितंबर से कन्याकुमारी से कश्मीर तक विपक्षी पार्टी की 3,500 किलोमीटर की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा” से पहले हो रही है।

 

कांग्रेस पार्टी लगातार महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रही है और अब कांग्रेस पार्टी इसे बड़े पैमाने पर करने जा रही है। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि जनता के जो मुद्दे हैं उसे लगातार नजरंदाज किया जा रहा है।

 

अगर साफ तौर पर कहें तो वर्षों से सियासी जमीन खो चुकी कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दे को उठाकर जनता के बीच अपना पैठ बनाना चाहती है। वहीं अनुमान लगाया जा रहा है कि इस महंगाई के खिलाफ रैली से कांग्रेस पार्टी 2024 चुनाव को भी साधने कि कोशिश करेगी।

 

महंगाई हटाओ रैली और भारत जोड़ो यात्रा से पहले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशान साधते हुए कहा कि असल में कांग्रेस पार्टी भारत जोड़ने की बात नहीं कर रही गांधी परिवार को बचाने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतर रही है।