कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव की तारीख का ऐलान, जाने कब होगा नामांकन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/08/2022): कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया गया है। 17 अक्टूबर को पार्टी के नए अध्यक्ष के लिए मतदान होगा। 19 अक्टूबर को मतों की गिनती और परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं इससे पहले कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की वर्चुअल बैठक किया गया था। जिसमें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी शामिल हुए।

बैठक के बाद कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दिया कि CWC ने सोनिया गांधी के नेतृत्व में बैठक की और अंतिम कार्यक्रम को मंजूरी दी। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 24 सितंबर से 30 सितंबर तक होगी। चुनाव 17 अक्टूबर को होंगे और मतगणना और परिणामों की घोषणा 19 अक्टूबर को होगा।

राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बैठक के बारे में बताया कि बैठक में अध्यक्ष के नाम पर चर्चा नहीं हुई। हमने इस विषय पर चर्चा की है कि अध्यक्ष पद का चुनाव कब होना चाहिए और उसके लिए क्या-क्या तैयारियां करनी होगी। सारे कांग्रेस वर्कर की भावना है कि राहुल गांधी जी कांग्रेस अध्यक्ष बनें।।