दिल्ली जैसा शहर और संसाधन बीजेपी को मिले तो पार्टी उसे विश्व का सबसे समृद्ध शहर बनाएगी: हेमंत बिस्वा शर्मा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/08/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के बीच ट्विटर पर जंग छिड़ गया है। दरअसल असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्विटर पर केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि आप दिल्ली को लंदन और पेरिस जैसा बनाने के वादे के साथ सत्ता में आए थे, याद है न अरविंद केजरीवाल जी? कुछ नहीं कर पाए तो दिल्ली की तुलना असम व नॉर्थईस्ट के छोटे शहरों से करने लगे। यकीन मानिए, दिल्ली जैसा शहर व संसाधन BJP को मिले, तो पार्टी उसे विश्व का सबसे समृद्ध शहर बनाएगी।

हिमंत बिस्वा सरमा के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए अरविंद केजरीवाल ने पलटवार किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा कि “आपने मेरे प्रश्न का जवाब नहीं दिया। आपके सरकारी स्कूल देखने कब आऊँ? अगर स्कूल अच्छे नहीं हैं तो कोई बात नहीं। मिल के ठीक करेंगे ना।”

आपको बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को ट्वीट किया था कि स्कूल बंद करना समाधान नहीं है। हमें तो अभी पूरे देश में ढेरों नए स्कूल खोलने की ज़रूरत है। स्कूल बंद करने की बजाय स्कूल को सुधार कर पढ़ाई ठीक कीजिए। साथ ही उन्होंने ट्विटर पर एक खबर को शेयर किया था जिसमें कहा गया था कि एग्जाम रिजल्ट खराब होने पर 34 स्कूलों को राज्य सरकार ने बंद करने का ऐलान किया है। तब से ट्विटर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा में जंग जारी है।