‘भाजपा दिल्ली के सरकारी स्कूलों को बंद कराना चाहती है’: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/08/2022): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन्होंने नई कहानी शुरू की है कि स्कूल बनाने में घोटाला हुआ है। इन्होंने मेरे घर पर रेड की लेकिन बताया नहीं कि क्या मिला। दुनिया जानती है कि दिल्ली में शानदार स्कूल हैं। इनकी साजिश है कि किसी तरह से यहां के सरकारी स्कूलों को बंद किया जाए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के स्कूल कई निजी स्कूलों से परे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह अनपढ़ों की पार्टी है और देश को अनपढ़ रखना चाहती है। उन्होंने अपने ही राज्यों में, कई सरकारी स्कूलों को बंद कर दिया है। उन्हें जांच करनी चाहिए कि उनके शासन में इतने सारे सरकारी स्कूल क्यों बंद हो गए?

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि 2015-2021 के बीच, 72000 से अधिक स्कूल बंद कर दिए गए। 2018-19 में ही 51000 से अधिक स्कूल बंद हो गए थे। उन्होंने कहा कि निजी स्कूल उन इलाकों में फल-फूल रहे हैं जहां भाजपा सरकारी स्कूल बंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन निजी स्कूलों का निर्माण उनके अपने विधायकों ने किया है। लगभग 12000 निजी स्कूल खोले गए हैं।