आपसी भाईचारे एवं समरसता बढ़ाने हेतु कांग्रेस निकालेगी “भारत जोड़ो यात्रा “, जयराम रमेश और दिग्विजय सिंह ने दी अहम जानकारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (23/08/2022): कांग्रेस ने 7 सितंबर से शुरू होने वाली अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का प्रतीक चिन्ह , टैगलाइन और पम्पलेट जारी किया है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश और कांग्रेस सांसद और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने AICC मुख्यालय पर प्रेस कान्फ्रेंस कर इस बात की घोषणा की हैं।

कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि एक तेरा कदम, एक मेरा कदम मिल जाए तो जुड़ जाए सारा वतन। ये हमारा मुख्य उद्देश्य है। हम हमारी वेबसाइट को लांच कर रहे हैं, इस वेबसाइट के माध्यम से हमारा ये प्रयास होगा कि जो भी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ जुड़ना चाहता है, वो इस वेबसाइट पर रजिस्टर करें, हमारी तरफ से रिस्पॉन्ड किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का मकसद, इस देश में जो नफरत का माहौल बना हुआ है, भारतीय संविधान के विपरीत व्यवस्था काम कर रही है, महंगाई-बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। उसी को लेकर उदयपुर के नवसंकल्प शिविर में भारत जोड़ो यात्रा का प्रस्ताव पारित हुआ था।कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी चाहती हैं कि पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा निकाली जाए, जिसमें हर धर्म, हर जाति, हर समुदाय के लोग शामिल हों। ‘नफरत छोड़ो, भारत जोड़ो’ हमारा अभियान रहेगा।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आर्थिक-सामाजिक दूरियां बढ़ती जा रही हैं, धार्मिक उन्माद फैलाया जा रहा है, नफरत फैलाई जा रही है, एक-दूसरे के आस्था पर प्रश्नचिन्ह लगाया जा रहा है। ऐसे माहौल में भारत जोड़ो यात्रा देश के लिए आवश्यक हैं। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जो अपनी बात रखना चाहते हैं, जो स्थानीय मुद्दे चल रहे हैं, जो स्थानीय जन आंदोलन चल रहे हैं हमने उनसे बातचीत के लिए स्लॉट्स रखे हुए हैं।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हमारे देश में जो आर्थिक चुनौतियां हैं, विषमताएं बढ़ती जा रही हैं, एक तरीके से ये विभाजन हो रहा है। इसलिए भारत को जोड़ना है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालने पर विचार हुआ, क्योंकि आर्थिक विषमता बढ़ रही है और सामाजिक ध्रुवीकरण हो रहा है। इसलिए अब भारत को जोड़ने की जरूरत है।