भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भ्रष्टाचार को लेकर सीएम केजरीवाल पर साधा निशाना, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/08/2022): भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता गौरव भाटिया दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आज प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि देश की जनता कह रही है कि अगर कोई सबसे बड़ा भ्रष्टाचारी कोई है तो वो मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने केजरीवाल सरकार से सवाल पूछा कि अगर आम आदमी पार्टी की आबकारी नीति सही थी तो वापस क्यों ली गई? जवाब आया कि विदेशी समाचार न्यूयॉर्क टाइम्स पत्रिका कहती है कि आम आदमी पार्टी का शिक्षा मॉडल बड़ा अच्छा है।

उन्होंने कहा कि कोविड की दूसरी लहर आई, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पूरे देश के साथ खड़ी हो गई, दवाई सुनिश्चित की गई, अस्पतालों की व्यवस्था सुधारी गई। केजरीवाल को उस समय दवाई, बेड और ऑक्सीजन व्यवस्था पर ध्यान देना था, लेकिन वो भ्रष्टाचारी कलम आबकारी नीति पर दस्तखत में लगी थी। आज भारत की जनता कह रही है कि ‘आप’ नहीं ‘पाप’ है, भ्रष्टाचारियों का बाप है और जनता के लिए अभिशाप है।

उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जनता को जवाब देना चाहिए। आपने प्रथम दृष्टया भ्रष्टाचार किया, बड़ा घोटाला किया ये आपत्तिजनक है, चिंताजनक है। कोविड महामारी के समय दिल्ली को शराब ना मिलती तो चल जाता, लेकिन केजरीवाल सरकार का साथ मिल जाता ये जरूरी था।

उन्होंने कहा कि आज अरविंद केजरीवाल मॉडल का मतलब है कि आईएसआई मार्क की गारंटी से ज्यादा बड़ी गारंटी अरविंद केजरीवाल की करप्शन गारंटी। ‘आप’ की दो प्रदेशों में सरकार, दो स्वास्थ्य मंत्री, दोनों भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में हैं। अरविंद केजरीवाल की सरकार में 100 प्रतिशत भ्रष्टाचार है।