“अगले 2 से 3 दिनों में CBI मुझे गिरफ्तार कर लेगी”: मनीष सिसोदिया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/08/2022): दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीबीआई रेड को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कल मेरे घर आए सीबीआई ऑफिसर बहुत अच्छे लोग थे, सबने अच्छे से व्यवहार किया। जिस आबकारी नीति को लेकर यह विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह इस देश की बहुत अच्छी नीति है। अगर दिल्ली के उपराज्यपाल साहब ने 48 घंटे पहले उस नीति को हटाने की साजिश के तहत अपना फैसला नहीं बदला होता तो आज दिल्ली को 10,000 करोड़ रुपए का फायदा होता।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि इसमें कोई घोटाला नहीं हुआ है यह बहुत शानदार पॉलिसी है। उन्होंने कहा कि जो लोग आरोप लगा रहे हैं, इनको ना तो कुछ पता है ना कुछ पढ़ा है। इनको जो स्क्रिप्ट दिया जाता है बस ये उनको रटते है।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि मुद्दा शराब घोटाले का है ही नहीं। अगर इनको शराब के घोटाले की चिंता होती तो यह लोग गुजरात में CBI का पूरा मुख्यालय शिफ्ट करा देते जहां हर साल 10,000 करोड़ रुपए की एक्साइज चोरी होती है। यहीं लोग घोटाला करवा रहे हैं। इनको परेशानी अरविंद केजरीवाल से है। पंजाब चुनाव के बाद उनको राष्ट्रीय विकल्प के तौर पर देखा जाने लगा है।

उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि पूरे देश के लोग इनसे (केंद्र सरकार से) दुखी हैं। जनता सरकार चुनती है और मोदी जी 24 घंटे उसे गिराने में लगे रहते हैं। जनता ने आपको देश का प्रधानमंत्री बनाया है, आप देश के लिए सोचिए। मोदी जी बस सरकारें गिराने का सपना देखते हैं। उनको कोई और सपना ही नहीं आता।

उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 दिन में CBI मुझे गिरफ़्तार कर लेगी और मेरे अलावा कई सारे आम आदमी के नेताओं को भी गिरफ़्तार करेगी। हम भगत सिंह की संतान हैं। हम आपकी CBI, ED से डरने वाले नहीं है, हम आपके पैसों के आगे बिकने वाले लोग नहीं है। आप हमको नहीं तोड़ पाओगे।।