‘दिल्ली के मुख्यमंत्री से पूछा जाना चाहिए कि रोहिंग्याओं पर उनका क्या रुख है’: बीजेपी सांसद गौतम गंभीर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (18/08/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रोहिंग्या शरणार्थियों को लेकर राजनीति गरमा गई है। वहीं आज दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को जानकारी दिए बिना इसकी फाइल उपराज्यपाल के पास भेजी जा रही थी। अगर केंद्र की सहमति के बिना यह हुआ तो इनकी तुरंत जांच हो। केंद्र सरकार स्पष्ट रुख करे और देश और दिल्ली के सामने रखें। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी के सांसद गौतम गंभीर ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधा है।

उन्होंने मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके जितना नीचे की राजनीति कोई नहीं कर सकता, सिर्फ ये पार्टी, ये शख्स ये कर सकता है। एक आसान सा सवाल है और उन्हें इसका जवाब देना चाहिए कि रोहिंग्याओं को बेहतर आवास और बेहतर सुविधाएं दिए जाने की बात कहने वाला पत्र क्यों लिखा गया?

उन्होंने कहा कि हमारा रुख बहुत स्पष्ट है, गृहमंत्री ने सदन के पटल पर स्पष्ट किया था, कि हम रोहिंग्याओं को निर्वासित करना चाहते हैं। यही हमारी पार्टी का रुख है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री से पूछा जाना चाहिए कि रोहिंग्याओं पर उनका क्या रुख है। वह कब जवाब देंगे?