दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा ‘मेक इंडिया नंबर वन’ मिशन का आगाज, पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17/08/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बुधवार को दिल्‍ली के तालकटोरा स्‍टेडियम में ‘मेक इंडिया नंबर वन’ मिशन का आगाज किया है। इस दौरान उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें भारत को एक बार फिर दुनिया का नंबर 1 देश बनाना है। हमें भारत को फिर से महान बनाना है। आज हम एक राष्ट्रीय मिशन की शुरुआत करने जा रहे हैं , और इस मिशन का नाम ‘मेक इंडिया नंबर वन’ है।

उन्होंने कहा कि इस देश के हर नागरिक को, 130 करोड़ लोगों को इस मिशन के साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इस देश के हर एक नागरिक का सपना रहा है कि भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाना है। अब 130 करोड़ लोगों को इस मिशन के साथ जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि आजादी के 75 साल हो गए और इन 75 सालों में हमने बहुत कुछ हासिल किया, भारत ने बहुत कुछ हासिल किया। लेकिन लोगों के अंदर एक गुस्सा है, लोगों अंदर एक क्रोध है और लोगों के अंदर एक प्रश्न है कि इन 75 सालों के अंदर कई ऐसे छोटे-छोटे देश है जो हमारे बाद आजाद हुए और हमसे आगे निकल गए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि सिंगापुर हमसे 15 साल बाद आजाद हुआ और आज हमसे आगे निकल गया क्यों भाई? हमारे में क्या कमी है? उन्होंने कहा कि जापान और जर्मनी हमसे आगे निकल गया हम पीछे क्यों रह गए? भारत पीछे क्यों रह गया? आज भारत का हर नागरिक आज ये पूछ रहा है, भारत का हर नागरिक गुस्से और क्रोध में है कि हम पीछे क्यों रह गए?