पटना: नए मंत्रिमंडल को लेकर नीतीश-तेजस्वी में बनी सहमति, जानें किन नेताओं का नाम है सूची में शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

पटना (16 अगस्त 2022): बिहार की सियासत में बीते दिनों हुए बदलाव के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब अपने नए सहयोगी ” राष्ट्रीय जनता दल” के साथ एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। आपको बता दें कि जदयू -भाजपा के बीच हुए मतभेद के बाद बिहार में एक नए सरकार का गठन हुआ, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव बने।

राजनीतिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 16 अगस्त, मंगलवार को बिहार में नए मंत्रिमंडल का गठन हो सकता है। अब इन सभी मंत्रियों के नामों पर महागठबंधन के सभी घटक दलों में आम सहमति बन चुकी है। मिडिया रिपोर्ट के मुताबिक महागठबंधन में सबसे बड़े घटक दल राजद के खाते में 16-18 मंत्रालय तो वहीं बिहार के मुखिया नीतीश कुमार की पार्टी जदयू के खाते में 14 मंत्रालय जाएगी। कांग्रेस को 3 मंत्रालय दी गई है, जिसमें 2 मंत्री सोमवार को शपथ लेंगे जबकि 1 मंत्री मंत्रिमंडल विस्तार के समय शपथ लेंगे।

मिली जानकारी के मुताबिक आरजेडी के खाते से जिन नेताओं के नाम इस मंत्रिमंडल में शामिल होने के लिए संभावित है:

तेजप्रताप यादव, ललित यादव, सुरेंद्र यादव, रामानंद यादव, आलोक मेहता, सुधाकर सिंह, चंद्रशेखर कुमार, सरबजीत, भाई वीरेंद्र, शाहनवाज, समीर महासेठ, अनिता देवी, भारत भूषण मंडल, समीम अहमद मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

वहीं कांग्रेस से जिस नाम की जानकारी मिल रही है वो है अशफाक आलम और मुरारी गौतम का और हम के खाते से संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित सिंह के नाम पर मुहर लगा सकती है।

वहीं अगर हम नितीश कुमार की पार्टी जदयू की तरफ नजर डालें तो जदयू के खाते से विजय चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, मदन सहनी, शीला मंडल, लेसी सिंह, संजय झा, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, सुनील कुमार, जम्मा खान और जयंत राज के नाम संभावित सूची में शामिल है।

आपको बता दें कि महागठबंधन की सरकार में छोटे-बड़े सभी दल मिलाकर कुल 7 दल शामिल हैं। और सभी पार्टियां अपने सत्ता समीकरण को साधने में जुटी है।।