‘बीजेपी की MCD ने पिछले 17 सालों में सबसे बड़ा विश्वासघात दिल्ली के सफाई कर्मचारियों के साथ किया’: आप नेता दुर्गेश पाठक

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/08/2022): आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी पर सफाई कर्मचारियों के साथ धोखा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आज रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली नगर निगम ने 17 सालों में सबसे बड़ा विश्वासघात दिल्ली के सफाई कर्मचारियों के साथ किया है। भारतीय जनता पार्टी ने हर चुनाव में कहा कि सफाई कर्मचारियों को पक्का करेंगे।

उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी ने 2002 से लेकर 2017 तक अपने हर मैनिफेस्टो में पक्का करने का वादा किया था। दिल्ली में 27,098 कर्मचारी है जो पक्का होना चाहते हैं। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने केवल 187 को सफाई कर्मचारियों पक्का किया है। उन्होंने कहा कि इससे ज्यादा भयावह अन्याय किसी दूसरे संस्था और लोगों के साथ नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि कल दिल्ली के एलजी साहब ने 187 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र देकर उन्हें पक्का किया है।”

उन्होंने कहा कि “27,098 कर्मचारियों में से केवल 187 कर्मचारियों को पक्का किया गया और 187 कर्मचारियों को पक्का करने की होर्डिंग पूरी दिल्ली में लगाया गया है और उस होर्डिंग में लाखों करोड़ों रुपए खर्च किए गए। उन्होंने कहा उस प्रोग्राम को आयोजित करने के लिए भी करोड़ों रुपए खर्च किए गए। उन्होंने कहा इससे ज्यादा राजनीति में अन्याय और मक्कारी नहीं हो सकता है।”

आगे उन्होंने कहा कि “मैं भारतीय जनता पार्टी से एक ही चीज कहना चाहता हूं कि आपने कहा था कि तीनों नगर निगम एक होंगे तो सफाई कर्मचारियों को पक्का कर देंगे। अब वो भी हो गया है। अब आपके पास कोई दूसरा चारा नहीं है। आप सफाई कर्मचारियों को पक्का कीजिए। वरना दिल्ली की सफाई कर्मचारी भारतीय जनता पार्टी को दिल्ली की राजनीति से परमानेंट विदा कर देंगे। ये गारंटी हम देते हैं।”