यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से किया अपील ‘नदी के किनारे की तरफ जाने से बचें’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (14/08/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जिससे कि नदी के किनारे के इलाकों में रहने वाले लोगों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसे लेकर दिल्ली के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हम स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं। यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संबंधित सभी एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अपील है कि वे नदी से दूर रहें। विस्थापितों के लिए कैम्प्स लगाए गए हैं। जहां उनके रहने और खाने के आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने ट्वीट कर दिया है। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कैलाश गहलोत के ट्वीट को रीट्वीट कर लोगों से अपील किया है कि नदी के किनारों की तरफ जाने से बचें।

उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ गया है, सभी से मेरी अपील कि नदी के किनारों की तरफ़ जाने से बचें। यमुना के आस-पास रहने वाले लोगों के लिए हमने पर्याप्त बंदोबस्त कर रखे हैं। सरकार और प्रशासन का सहयोग करें। हम स्तिथि पर नज़र बनाए हुए हैं और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।”

बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर 205.33 मीटर पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी तब घोषित किया जाता है, जब यमुना नगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा एक लाख क्यूसेक को पार कर जाता है।