Delhi Flood Alert: दिल्ली में बाढ़ का खतरा! खतरे के निशान पर पहुंचा यमुना का जलस्तर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/08/2022): उत्तर भारत के पहाड़ों में हो रही बारिश का असर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी दिखने लगा है। दरअसल यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। वहीं यमुना नदी का जलस्तर 205.33 मीटर को पार हो गया है जिससे कि यहां के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।और प्रशासन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को वहां से हटाने के लिए योजना तैयार कर रही है।

दिल्ली बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने बताया कि “शुक्रवार शाम चार बजे यमुना नदी का जलस्तर 205.38 मीटर तक जा पहुंच गया है। जलस्तर के खतरे के निशान के पार चले जाने के कारण प्रशासन निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को वहां से हटाने के लिए योजना तैयार कर रहे है।”

बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार, “पुराने रेलवे पुल पर शुक्रवार सुबह आठ बजे जलस्तर 203.86 मीटर था, जो शाम तीन बजे तक बढ़कर 205.29 मीटर हो गया था। वहीं पिछले साल 30 जुलाई को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था और पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.59 मीटर तक पहुंच गया था।”

बता दें कि दिल्ली में बाढ़ की चेतावनी तब घोषित की जाती है, जब यमुना नगर स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा एक लाख क्यूसेक को पार कर जाता है।