देश के खिलाड़ियों को प्रांतों में बांटकर किया गया अपमान, भाजपा प्रवक्ता ने केजरीवाल पर किया पलटवार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11/08/2022): राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली पहलवान दिव्या काकरान को लेकर आम आदमी पार्टी घिरती जा रही है। वहीं अब भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि देश के खिलाड़ी, देश के सम्मान और देश की महिलाओं का घोर अपमान किया गया है, इसीलिए ये जरूरी था कि मैं अपनी बहन से राखी बंधवाने से पहले देश के खिलाड़ियों का जो अपमान किया गया है वो विषय सभी के समाने रखूं।

उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी खेलों में प्रतिभाग करता है तो वो तिरंगे का मान बढ़ाने के लिए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करता है। जब खिलाड़ी पदक जीतता है तो पूरे 135 करोड़ लोगों का सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। जिन खिलाड़ियों ने तिरंगे के सम्मान के लिए अपना जी जान लगाने का काम किया, उनको प्रांतों में बांटकर अपमानित करने का दुस्साहस आम आदमी पार्टी करती है।

उन्होंने कहा कि दिव्या काकरान जी ने 2018 में भी जब देश का मान, सम्मान बढ़ाने के कार्य किए थे, तब दिल्ली के मुख्यमंत्री जी ने उनके लिए एक प्रोग्राम आयोजित किया था। उसमें दिव्या जी ने मुख्यमंत्री जी के समक्ष कहा कि जब हम मेडल जीत जाते हैं तो बधाई मिल जाती है और जब हमें सहायता की जरूरत होती है तो आप तो फोन भी नहीं उठाते हैं। उन्होंने कहा कि दिव्या जी ने केजरीवाल जी से सच बोल दिया, इसके लिए आम आदमी पार्टी का पूरा सोशल मीडिया, मीडिया इंफ्रास्ट्रक्चर उन पर हावी हो गया है।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली पहलवान दिव्या काकरान ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाया है कि उन्हें ना तो किसी तरह की कोई इनाम राशि दिया गया है और ना ही कोई मदद दिया गया है। वहीं दिव्या काकरान द्वारा लगाए गए आरोपों पर आम आदमी पार्टी के विधायक सौरभ भारद्वाज ने खारिज करते हुए उनके दिल्ली की खिलाड़ी होने पर ही सवाल उठा दिया है।