हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर आंदोलन करने के लिए दिल्ली में नहीं मिली अनुमति, आंदोलनकारियों ने लगाए गंभीर आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (09/08/2022): देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। सरकार की कोशिश है, कि इस आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा फहरे इसे लेकर सरकार की तरफ से अलग-अलग कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। लेकिन इस बीच दिल्ली के जंतर मंतर से एक आंदोलन की शुरुआत हुई है और यह आंदोलन है भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने की।

दिल्ली के जंतर मंतर पर भारतीय केसरिया वाहिनी के तरफ से एक प्रचंड प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। जिसमें इनकी प्रमुख मांग थी कि भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाए लेकिन सुरक्षा का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस और गृह मंत्रालय ने इस कार्यक्रम को रद्द कर दिया।

इस बीच भारतीय केसरिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज कृष्ण श्रीवास्तव ने कहा कि देश के 110 करोड़ हिंदुओं की भावना का सम्मान करते हुए भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना चाहिए। श्रीवास्तव ने कहा कि देश में जनता सर्वोपरि होती है इसलिए हिंदू जनता की इस मांग को तत्काल पूरा किया जाना चाहिए राष्ट्र हित में देश की खुशहाली के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा।

 

टेन न्यूज से बातचीत करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदू राष्ट्र की मांग किसी एक संगठन का नहीं बल्कि 110 करोड़ हिंदुओं की मांग है और इसकी अनदेखी करना उचित नहीं है। इस बीच केसरिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह तोमर ने कहा कि हिंदू राष्ट्र घोषित किया जाना और वर्तमान की सबसे प्रासंगिक मांग है, और सरकार को इस पर तत्काल कदम उठाना चाहिए।

भारतीय केसरिया वाहिनी के अन्य सदस्यों ने बातचीत करते हुए कहा कि आजादी के समय से ही भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित किए जाने की मांग भारत की जनता करती रही है। परंतु तत्कालीन प्रधानमंत्री ने जनता के साथ विश्वासघात करते हुए सेकुलर राष्ट्र की वकालत की जिसका खामियाजा आज पूरा देश भुगत रहा है।

 

हजारों वर्ष पुराने सनातन परंपरा व संस्कृति को दबाने का काम कांग्रेस सरकार करती रही है। लोगों ने कहा कि वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक गौरवशाली ऊंचाई पर पहुंच रहा है, और भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने का उपयुक्त समय चल रहा है।

इस बीच केसरिया वाहिनी के सदस्य ने कहा कि सनातन संस्कृति व सभ्यता के अनुरूप देश को हिंदू राष्ट्र घोषित करके भारत को विश्व गुरु बनाने का सबसे उपयुक्त समय है। हम सब को विश्वास है कि भारत की मोदी सरकार इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाकर देशवासियों के दिल जीतने का काम करेगी।।