‘इस तिरंगे की आन-बान-शान के लिए हमें अपनी जान भी न्योछावर करनी पड़े तो छोटी बात होगी’: अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (09/08/2022): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर 500वां तिरंगा फहराया । इस दौरान उनके साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमने वादा किया था आज़ादी की 75वीं वर्षगांठ पर पूरी दिल्ली में 500 विशाल तिरंगे लगाने का। वादा पूरा किया, दिल्ली आज अपना 500वां तिरंगा फहरा रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान करे हमेशा हमारा यह तिरंगा ऐसे ही बुलंदियों पर रहे और लहराता रहे। इस तिरंगे की आन बान शान के लिए अगर हमें अपनी जान भी न्योछावर करनी पड़े तो छोटी बात होगी। उन्होंने कहा कि 1 साल पहले हम लोगों ने प्रण लिया था कि हम लोग दिल्ली में इतने तिरंगे लगाएंगे कि अगर कोई दिल्लीवासी अपने घर से बाहर निकले तो उसे कहीं ना कहीं एक तिरंगा जरूर दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हमारा मकसद था कि जब लोग घर से बाहर निकले तो उनको दिन में कम से कम तीन से चार बार तिरंगे के दर्शन हो जाएं। जब हम तिरंगा देखते हैं तो दिल के अंदर धक-धक होती है, देशभक्ति जागती है, और देश के लिए कुछ कर गुजरने की इच्छा जागती है। उन्होंने कहा कि आदमी कुछ गलत काम भी कर रहा हो तो एक बार हिचक जाता है। कि देश के लिए मुझे ये नहीं करना चाहिए। इस भावना से हमने इसे शुरू किया था। उन्होंने कहा कि आज पूरी दिल्ली के अंदर 500 तिरंगे लग कर तैयार हो चुका है।

उन्होंने कहा कि आज 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हम सबको एक प्रण और लेना है कि हम अपने देश को दुनिया का नंबर 1 देश बना कर रहेंगे। 75 साल में कई ऐसे देश हैं जो हमारे बाद आजाद हुए और हमसे आगे निकल गए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्यों भई हमारे में क्या कमी है? सबकुछ है। दुनिया के सबसे इंटेलिजेंट लोग भारत में रहते हैं। सर्वे करा के देख लो। मैं बड़े जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि दुनिया के सबसे ज्यादा इंटेलिजेंट और मेहनती लोग भारत में रहते हैं। फिर हम पीछे क्यों रह गए? इसलिए आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हम सबको प्रण लेना है कि जो भी करना पड़े, हम अपने देश को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हम सबको प्रण लेना है कि इस देश के हर एक बच्चे को अच्छी और शानदार शिक्षा मिलनी चाहिए। आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर हम सबको प्रण लेना है कि इस देश के हर एक भारतवासी को अच्छे से अच्छा इलाज मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक हर युवा को अच्छे रोजगार नहीं दिला पाएंगे तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता है इसलिए आजादी के 75 वीं वर्षगांठ पर ये सब प्रण लेना है।

उन्होंने कहा कि मुझे दुख होता है कि कुछ लोग आजकल कह रहे हैं कि जो गरीबों को फ्री शिक्षा मिलती है उसे बंद करना चाहिए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि फ्रीबीज क्या होता है? ये लोग कहते हैं कि फ्रीबीज और फ्री की रेवड़ी नहीं मिलना चाहिए। गरीबों को फ्री शिक्षा नहीं मिलना चाहिए या तो सरकारी स्कूल बंद कर दिया जाए या तो सरकारी स्कूल में फीस लगा दिया जाए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि फिर गरीब के बच्चे कहां जाएंगे अगर सरकारी स्कूलों में फीस लगा दिया जाए और बंद कर दिया जाए तो।

उन्होंने कहा कि हमारे देश में हर एक भारतवासी जो इस देश में पैदा हो उसके बच्चे को अच्छी शिक्षा का फंडामेंटल राइट होना चाहिए, उसके घर के लोगों के इलाज का फंडामेंटल राइट होना चाहिए और रोजगार का फंडामेंटल राइट होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसको फ्रीबीज और फ्री की रेवड़ियां नहीं कहना चाहिए।