कांग्रेस का महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन, राहुल समेत कई कांग्रेसी नेता हिरासत में, बैरिकेड से कूदी प्रियंका गांधी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (05/08/2022): देश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी आज पूरे देश में प्रचंड प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी मे दिल्ली स्थित कांग्रेस हैडक्वाटर में सुबह राहुल गांधी ने प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद दिल्ली में मौजूद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सचिन पायलट समेत तमाम बड़े नेताओं ने विजय चौक पर सरकार के खिलाफ मार्च निकाला जिसमें मौजूद राहुल गांधी को पुलिस ने डिटेन कर लिया।

वहीं कांग्रेस हेड क्वार्टर के बाहर प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा जब संसद भवन की ओर बढ़ने लगी तब दिल्ली पुलिस ने उन्हें भी डिटेन कर लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने सरकार पर जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार को लगता है कि विपक्ष में जो भी है उसको दबा सकते हैं। उनको लगता है कि हम समझौता कर लेंगे। इनके मंत्री कहते हैं कि महंगाई नहीं है। हम प्रधानमंत्री आवास तक जाकर महंगाई दिखाना चाहते हैं।

जैसे ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने डिटेन किया वैसे ही कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में आक्रोश और भी बढ़ गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तानाशाह हो गई है, गरीब और देशवासियों की बात नहीं सुन रही है। देश की जनता महंगाई से त्रस्त हो चुकी है। लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है।

 

आपको बता दें कि कांग्रेस पार्टी के तरफ से एलान किया गया था कि 5 अगस्त को पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी और इसी कड़ी में दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के तरफ से संसद और प्रधानमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन पुलिस टीम की मौजूदगी और प्रशासन की चुस्त मौजूदगी के सामने कोंग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन स्थल से आगे नहीं बढ़ने दिया गया।

 

वहीं दिल्ली के ऐतिहासिक जंतर मंतर पर यूथ कांग्रेस के तरफ से पूरे देश से आए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला।