कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई बड़े कांग्रेसी नेता पुलिस हिरासत में, जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05/08/2022): कांग्रेस पार्टी आज महंगाई और बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। इसे लेकर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में जोरसोर से विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में धारा 144 लागू है। प्रदर्शन के दौरान पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं अब कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा को AICC मुख्यालय के बाहर से हिरासत में लिया गया है।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर नई दिल्ली की DCP अमृता गुगुलोथ ने कहा कि हमने उनको हिरासत में लिया है क्योंकि यहां धारा 144 लागू है और धरना प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं है। हमने उनको सूचित भी किया था लेकिन वे नहीं माने इसलिए हमने उनको हिरासत में लिया है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा शशि थरूर, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।।