बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन, कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (05/08/2022): कांग्रेस पार्टी आज बेरोजगारी और महंगाई को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने AICC मुख्यालय से प्रधानमंत्री निवास का घेराव करने का ऐलान किया है। वहीं दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों ने विजय चौक पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया है। कई इलाकों में Crpc की धारा 144 लागू की गई है। जिसमें जंतर-मंतर और नई दिल्ली ज़िले का पूरा इलाका शामिल हैं।

बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ता देशव्यापी विरोध प्रदर्शन करने से पहले कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में इकट्ठा हुए थे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए विरोध प्रदर्शन के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आज पूरे देश में कांग्रेस महंगाई को लेकर आवाज़ उठा रही है। आज वरिष्ठ कांग्रेस सांसद और नेता संसद से राष्ट्रपति भवन तक कूच करेंगे और वहीं कांग्रेस के अन्य नेता AICC मुख्यालय से प्रधानमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

इसके अलावा उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार देश में तानाशाही रवैया अपनाई हुई है इसलिए हम यह प्रदर्शन कर रहे हैं। हम अंग्रेजों से बुरा दौर देख रहे हैं। हमें अपने कार्यालयों के अंदर सीमित कर दिया जा रहा है। लोग ज़मीन पर पैर रखते हैं उससे पहले पुलिस उठा कर ले जाती है।