गृह मंत्री अमित शाह ने ‘संकल्प से सिद्धि’ कार्यक्रम में बताया, ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाने का उद्देश्य

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (04/08/2022): देश इस साल आजादी के 75वीं वर्षगांठ पर आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। दरअसल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज ‘संकल्प से सिद्धि’ सम्मेलन के तीसरे संस्करण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के पीछे क्या उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने का निर्णय देश के प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार ने लिया है। इसके पीछे 3 उद्देश्य हैं। पहला, देश की नई पीढ़ी देशभक्ति से सरोबार होकर देश के विकास के साथ जुड़े और लाखों लोगों ने देश को आजादी दिलाने में अपना जो बलिदान दिया है, उनके इतिहास और बलिदान के साथ अपने आप को जोड़ सके।

उन्होंने कहा कि दूसरा, 75 साल तक हमारे देश ने कई क्षेत्र में कई उपलब्धियां प्राप्त की, उन सभी को जनता तक पहुंचाना है। तीसरा, हमे संकल्प करना है कि जब शताब्दी मनाई जाएगी तब भारत कहां खड़ा होगा और दुनिया का भारत कैसे नेतृत्व करेगा? और साथ ही इस संकल्प को सिद्ध करने के लिए भी योजना बनानी है।