अधीर रंजन चौधरी ने तिरंगा यात्रा को बताया राजनीतिक कार्यक्रम, बीजेपी का जबाब- ‘तिरंगा किसी पार्टी का नहीं, ये राष्ट्र का है।’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (03/08/2022): आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। और इसी कड़ी में आज संस्कृति मंत्रालय द्वारा लाल किले से राज पथ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें बीजेपी के सांसदों एवं केंद्रीय मंत्रियों ने भाग लिया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन सिंह मेघवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम के लिए विपक्ष के भी नेताओं को आमंत्रित किया गया था। सारे सांसदों को संस्कृति मंत्रालय द्वारा आमंत्रित किया गया था, लेकिन वह इस कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आए।

तिरंगा यात्रा पर भी जमकर राजनीति हो रही है कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा की भाजपा ने कभी तिरंगा को माना नहीं था। भाजपा आज़ादी के बाद तिरंगा के खिलाफ थी। और यह लोग आज तिरंगा सामने रखकर हिंदुस्तान के आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं। हिंदुस्तान के लोग जानते हैं कि तिरंगा मतलब गांधी। इतिहास गवाह है कि आज़ादी की लड़ाई में भाजपा की क्या भूमिका रही है।

अधीर रंजन चौधरी ने कहा की आज़ादी की जंग के समय जो अखबार निकला था उसके ख़िलाफ़ आज घिनौनी साजिश हो रही है। हम अपना कार्यक्रम करेंगे, हम भाजपा के पॉलिटिकल एजेंडा में कैसे शामिल हों? सरकारी कार्यक्रम को अगर राजनीतिक कार्यक्रम बनाया जाए उसमें हम शामिल नहीं होंगे।

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा की हम भारत की आज़ादी के 75 साल मना रहे हैं और इस संदर्भ में हर घर में तिरंगा फहराना हमारा उद्देश्य है। तिरंगा रैली में हमने सभी को बुलाया था लेकिन फिर भी विपक्ष नहीं आए तो हम कुछ नहीं कह सकते। हम इसमें राजनीति नहीं करना चाहते।

 

इस मुद्दे पर संबित पात्रा ने कहा की यह कोई पार्टी का विषय नहीं है। यह देश का विषय है और हम सारे राजनीतिक पार्टियों से अपील करते हैं, कि इस मुहिम में अपनी सहभागिता को दर्ज कराएं। संबित पात्रा ने कहा की ये आजादी के अमृत महोत्सव का समय है। आने वाले एक वर्ष का कालखंड आजादी का अमृत महोत्सव और अगले 25 वर्ष का कालखंड आजादी के अमृत बेला का है। ऐसे में कभी-कभी मन में पीड़ा होती है, यदि किसी प्रकार की राजनीति को इस पावन कार्यक्रम में हम प्रवेश करवाते हैं।

हिंदुस्तान के 20 करोड़ घरों पर तिरंगा फहरानें का काम हिंदुस्तान करे, यह पावन कार्य सरकार ने अपने कंधों पर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में सभी से हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने की अपील की है। इस पावन अवसर पर हर घर तिरंगा कार्यक्रम जो पार्टी का नहीं है, बल्कि से सरकार का कार्यक्रम है।

संबित पात्रा ने कहा की आज जब तिरंगा बाइक रैली हुई, तो इस कार्यक्रम का शुभारंभ उप-राष्ट्रपति जी के हाथों से हुआ। क्योंकि ये कार्यक्रम किसी पार्टी का कार्यक्रम नहीं है, ये सरकार का कार्यक्रम है। हर सांसद को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया गया था। लेकिन इस पर भी राजनीति हो रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बार-बार कहा है कि राजनीति से ऊपर राष्ट्रनीति है, तिरंगा किसी पार्टी का नहीं, ये राष्ट्र का है। हर घर में तिरंगा फहराना है, ये किसी पार्टी की लाइन नहीं हो सकती। ये राष्ट्र की लाइन है। इस महायज्ञ में हम सभी अपनी आहुति दें, बाकि पार्टियों से भी हम निवेदन कर रहे हैं कि राजनीति छोड़िए, इस महायज्ञ में आप भी अपनी आहुति दीजिए।।