कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को महिला आयोग ने भेजा नोटिस, जानें क्या है मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/07/2022): कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ बोल दिया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर इस टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी बुरे तरह फंसते नजर आ रहे हैं। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी लगातार कांग्रेस पर हमला कर रही हैं। इस मामले में अब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को नोटिस भेजा है।

न्यूज़ एजेंसी एएनआई के मुताबिक, “राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने और अपनी टिप्पणी के लिए लिखित स्पष्टीकरण देने के लिए एक नोटिस भेजा है। सुनवाई 3 अगस्त को सुबह 11:30 बजे निर्धारित की गई है।”

वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ उनकी अपमानजनक टिप्पणी के लिए उचित कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा है।

बता दें कि कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कल यानी बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘राष्ट्रपत्नी’ बोल दिया था। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साध रहे हैं। वहीं विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने अपने सफाई में कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो मैं राष्ट्रपति से मिलकर माफी मांगूंगा। मैं कह रहा हूं कि मुझसे चूक हुई है लेकिन ये सभी मुद्दे को भटका रहे हैं। मुझे बोलने का मौका देना चाहिए। राष्ट्रपति सर्वोच्च स्थान पर हैं मैं कभी सपने में भी नहीं सोच सकता कि ऐसा कहूं।