‘4 अगस्त को दिल्ली के हजारों बच्चे दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे’: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (28/07/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज गुरूवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पूरा देश आज़ादी के 75 वर्ष मना रहा है और हर देशवासी भक्ति में डूबा है। 4 अगस्त को दिल्ली में हजारों बच्चे इकट्ठा होकर दुनिया का सबसे बड़ा तिरंगा बनाएंगे। उस दिन संकल्प लेंगे कि अब भारत रुकेगा नहीं और अब भारत थमेगा नहीं। अब हम भारत के 130 करोड़ भारतवासी मिलकर भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 75 साल हो गए इन 75 सालों में कई देश हमसे आगे निकल गए। हम पीछे क्यों रह गए? हम किसी से कम तो नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भगवान ने हमें सब कुछ दिया है नदियां पहाड़, खनिज पदार्थ, जड़ी बूटीयां, फसलें समुद्र। भारत के लोग दुनिया में सबसे ज्यादा इंटेलिजेंट और मेहनती है फिर हम पीछे क्यों रह गए? उन्होंने कहा कि अगर इन नेताओं और पार्टियों के भरोसे देश को छोड़ दिया तो अगले 75 साल में भी देश पीछे रह जाएगा। अब देश के 130 करोड़ लोग को जिम्मेदारी लेनी पड़ेगी।

उन्होंने लोगों से कहा कि आजादी के 75वें वर्ष में प्रण लें कि हम भारत के 130 करोड़ लोग एक साथ मिलकर और एकजुट होकर भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ और सबसे शक्तिशाली राष्ट्र बनाएंगे। उन्होंने कहा कि 75 साल पहले जब सारा देश इकट्ठा हुआ था तो हमने अंग्रेजों को भगा दिया था। अब हम सब एक बार फिर इकट्ठे होकर भारत को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ बनाएंगे।।