बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कांग्रेस की सत्याग्रह को कहा, ‘सत्याग्रह नहीं है यह असत्य के लिए आग्रह है’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (27/07/2022): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी.नड्डा ने कांग्रेस के सत्याग्रह को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह नहीं है यह असत्य के लिए आग्रह है। सच बात तो यह है कि सत्य को ग्रहण लगाने की कोशिश है। कांग्रेस जो विषय उठा रहे हैं वह न ही देश के लिए है और न ही पार्टी के लिए बल्कि ये परिवार को बचाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है उस घोटाले के बारे में एजेंसी को जवाब देना ये उनकी आवश्यकता है। यही उन्हें करना चाहिए। लेकिन ये परिवार अपने आपको देश और कानून से ऊपर समझता है इसलिए इनसे कोई जवाब मांगे तो इन्हें ये पसंद नहीं है। और सुप्रीम कोर्ट ने पीएमएलए और ईडी के अधिकार क्षेत्र को बरकरार रखा है। कानून अपना काम कर रहा है। कांग्रेस को नियम के अनुसार चलना चाहिए।

बता दें कि नेशनल हेराल्ड मामले में प्रर्वतन निदेशालय ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज तीसरे दौर की पूछताछ की थी। वहीं इसके खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।