सीएम केजरीवाल ने खाने-पीने की चीजों पर GST को लेकर सरकार पर साधा निशाना, कहा- ‘ऐसा तो अंग्रेज़ करते थे’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25/07/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भंगवत मान ने आज सोमवार को संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस किए है। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सोलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। साथ ही उन्होंने बढ़े हुए जीएसटी को लेकर सरकार पर निशाना साधा और केंद्र सरकार से अपील किया है कि जीएसटी को वापस लिया जाए।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हिमाचल प्रदेश के सोलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चंद महीनों में ही हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी का परिवार इतना बड़ा हो गया। 9000 से ज़्यादा पदाधिकारी आज शपथ ले रहे हैं। आज हम शपथ लेंगे कि हम हिमाचल के लोगों की तन-मन-धन से सेवा करेंगे। ज़रूरत पड़ी तो हम अपने देश के लिए जान भी दे देंगे।

उन्होंने कहा कि 75 साल में भारत को नंबर 1 होना चाहिए था लेकिन कई देश हमसे आगे निकल गए। अगर इन्हीं पार्टियों और नेताओं के भरोसे छोड़ दिया तो ये देश को और पीछे कर देंगे। अब बागडोर आपको अपने हाथ में लेनी है। अब भारत रुकेगा नहीं, नंबर 1 बन कर रहेगा।

उन्होंने कहा कि लोग महंगाई से दुखी हैं। इन्होंने खाने-पीने की चीजों पर जीएसटी लगा दिया। ऐसा तो अंग्रेज़ करते थे। हमने दिल्ली में मुफ्त शिक्षा, इलाज, बिजली, पानी दी। महंगाई से राहत देने का फार्मूला केवल आम आदमी पार्टी को आता है। ये बात घर-घर जाकर बताना। उन्होंने कहा कि मैं आज केंद्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि कृपया आपने जीएसटी में जो वृद्धि की है उसे वापस ले लिजिए। अगर आप दिल्ली की तरह भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची खत्म कर देंगे तो देश में जीएसटी बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारी नई-नई सरकार बनी और 1 जुलाई से बिजली मुफ्त भी हो गई। कोई यकीन कर सकता है? पिछली सरकारें कहती थीं ‘पंजाब घाटे में चल रहा है’ और हमने आते ही बिजली मुफ्त कर दी, और गणतंत्र दिवस तक 75 मोहल्ला क्लीनिक बन जाएंगे। ये हिमाचल में भी हो सकता है।