विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने पर केजरीवाल ने दी बधाई

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24/07/2022): विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 88.13 मीटर भाला फेंक कर दूसरा स्थान हासिल किया है। वहीं भारत के रोहित यादव ने 78.72 मीटर भाला फेंक कर 10वां स्थान हासिल किया है। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा के रजत पदक जीतने के बाद लोग उन्हें देश-दुनिया से बधाई दे रहे हैं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नीरज चोपड़ा को बधाई दिया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, “विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में नीरज चोपड़ा द्वारा इतिहास लिखा गया है। नीरज, हमें आप पर बहुत गर्व है। आपने न केवल एक पीढ़ी को खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया है बल्कि भाला फेंक को भारत में सबसे पसंदीदा एथलेटिक खेलों में से एक बना दिया है। मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं।”

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ट्वीट कर विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में पुरुषों की स्पर्धाओं में भारत को पहला पदक दिलाने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि आप हमें गौरवान्वित करते हैं और लाखों लोगों को प्रेरित करते हैं। हम कामना करते हैं कि आप और सफलताएं और नई ऊंचाइयां प्राप्त करें।

बता दें कि विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में ग्रेनेडियन जेवलिन थ्रोअर एंडरसन पीटर्स ने 90.54 मीटर भाला फेंक कर पहला स्थान हासिल किया है। इसी के साथ वो स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैंपियन बन गए हैं।