सोनिया गांधी की पेशी से पहले भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/07/2022): नेशनल हेराल्ड मामले में आज ED के सामने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी पेश होंगी। उनके पेशी से भारतीय जनता पार्टी के नेता रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। दरअसल उन्होंने उनके पेशी से पहले मीडिया ब्रीफ़िंग कर कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज सोनिया गांधी की ईडी के द्वारा पूछताछ होने वाली है। इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह करने वाली है। ये सत्याग्रह नहीं, देश और देश के कानून, देश की संस्थाओं के खिलाफ दुराग्रह है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी इस मामले में बेल पर हैं, इन पर धोखाधड़ी का भी आरोप है।

उन्होंने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि पूरा मामला ये है कि कांग्रेस पार्टी तो परिवार की ‘जेबी’ संस्था हो चुकी है। उनके नेता भी जेब पर हैं। अब कांग्रेस पार्टी की संपत्ति भी परिवार की जेब पर लाए जाने की कोशिश हो रही है। नेशनल हेराल्ड एक अखबार था। बाद में अखबार बंद हो गया, उस पर देनदारी हो गई। बहुत ही छंद तरीके से 90 करोड़ रुपये का लोन दिया गया। एक पारिवारिक संस्था यंग इंडिया बनाई गई। गैर कानूनी तरीके से नेशनल हेराल्ड की पूरी संपत्ति को यंग इंडिया को दे दिया गया। नेशनल हेराल्ड के पास हजारों करोड़ रुपये की संपत्ति है। कई शहरों पर ये संपत्ति है, जिसकी जमीन को कांग्रेस सरकारों ने सस्ते दाम पर दिया। उससे हजारों करोड़ रुपये का किराया आता है। ये है पूरा मामला।

उन्होंने कहा कि एक तरफ हम हैं, जो कानून का, संस्थाओं का सम्मान करते हैं। दूसरी तरफ इनका आचरण देखिए। इनके मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठे हुए हैं। सारे एमपी सदन छोड़कर, उनके समर्थन में ईडी और अन्य संस्थाओं का मनोबल गिरा रहे हैं। आज कांग्रेस का ये सत्याग्रह नहीं, दुराग्रह है। परिवार जब पार्टी की संपत्ति को अपनी जेब में रख रहा है, तो ये उसे बचाने का दुराग्रह है। हम इसकी भर्त्सना करते हैं। सच्चाई ये है कि सोनिया गांधी जी और राहुल गांधी बेल पर हैं और ये लोग हाईकोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट में केस हार चुके हैं।।