दिल्ली के युवाओं को नशे में धकेलकर अब दिल्ली के मुख्यमंत्री पंजाब को बनाएंगे नशा मुक्त राज्य : भाजपा नेता आदेश गुप्ता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/07/2022): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने नशे को खत्म करने की बात को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में शराब की नदियां बहाना बन्द करिये उसके बाद नशे को खत्म करने की बात करें। दरअसल अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ट्वीट को रीट्वीट कर कहा कि “पिछली सरकारों ने पंजाब के युवाओं को नशे में झोंक दिया। नशा बेचने वालों को सरकारी और राजनीतिक संरक्षण था। अब नहीं है। अब पंजाब में ईमानदार सरकार है। हमने नशे के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़ा है। पंजाब पुलिस शानदार काम कर रही है। पंजाब के तीन करोड़ लोगों के साथ मिलके नशे को बिलकुल खतम करेंगे।” केजरीवाल के इस ट्वीट पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने पलटवार किया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के युवा को नशे में धकेल कर दिल्ली के मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर नशे को खत्म करने की बात करते हैं। अरविंद केजरीवाल पहले दिल्ली में शराब की नदियां बहाना बन्द करिये उसके बाद नशे को खत्म करने की बात करें। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में नशे के कारोबार और नशे की राजनीति को बंद करो।

बता दें कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट में लिखा था, “पंजाब पुलिस की जानकारी पर पिछले 1 हफ्ते में 148 किलो हेरोइन जब्त की गई है। गुजरात से 75 किलो और आज महाराष्ट्र से 73 किलो की बड़ी खेप पकड़ने में पंजाब पुलिस की कामयाबी और कारगुजारी की मैं प्रशंसा करता हूं। नशे के खात्मे के लिए हम वचनबद्ध हैं।”