आप विधायक दुर्गेश पाठक ने भाजपा पर छोटे व्यापारियों के खिलाफ साजिश रचने का लगाया आरोप, जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/07/2022): आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी ने ट्रेड लाइसेंस और स्टोरेज लाइसेंस फीस 100 गुना बढ़ाकर दिल्ली के छोटे व्यापारियों को बर्बाद करने को साजिश रची है। दरअसल आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी शासित एमसीडी पर ट्रेड लाइसेंस और स्टोरेज लाइसेंस फीस 100 गुना बढ़ाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने कहा कि 2017 में जब एमसीडी के चुनाव हो रहे थे तब तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी जी ने अपने घोषणा पत्र में लिख कर दिया था कि वो दिल्लीवालों पर कोई नया टैक्स नहीं लगाएंगे। उन्होंने अपने घोषणा पत्र में लिख कर दिया था कि वो दिल्लीवालों पर कोई नया टैक्स नहीं लगाएंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अब भारतीय जनता पार्टी को भी पता है कि अब दिल्ली में उनकी राजनीति का अंत हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि अब वो लोग चुनाव कराने से भी भाग रहे हैं। अब उन्हें भी पता है कि अगले 50 सालों तक दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी नहीं आने वाली हैं। इसलिए वे बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा ने दिल्ली वालों के खिलाफ़ एक युद्ध छेड़ रखा है। भाजपा ने ये तय कर लिया है ना जियेंगे ना जीने देंगे।

उन्होंने कहा कि कल भारतीय जनता पार्टी की एमसीडी ने ट्रेड एंड स्टोरेज लाइसेंस फीस कई 100 गुना बढ़ा दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले अगर किसी कि 10 स्क्वायर मीटर की दुकान होता था तो ट्रेड लाइसेंस लेने के लिए उसको 500 रुपए देना पड़ता था अब उसे बढ़ाकर 4000 रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह 10-20 स्क्वायर मीटर की दुकान पर ट्रेड लाइसेंस फीस 500 रुपए था अब उसे बढ़ाकर 10000 रुपए, 21-400 स्क्वायर मीटर की दुकान पर 500 रुपए था अब उसे बढ़ाकर 21000 रुपए कर दिया, 400 स्क्वायर मीटर की दुकान पर 500 रुपए था अब उसे बढ़ाकर 72000 रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि छोटी-बड़ी दुकानों के लिए 500 रुपए की जगह अब 1 लाख रुपए देने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ये तय कर लिया है कि दिल्ली के अंदर ट्रेड करने वाले लोगों को खत्म करना है और उनको तबाह कर देना है।