कांग्रेस नेता अजय कुमार ने द्रोपदी मुर्मू को लेकर दिया विवादित बयान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13/07/2022): राष्ट्रपति चुनाव से पहले कांग्रेस नेता डॉ अजय कुमार ने एनडीए की ओर राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिया विवादित बयान। उन्होंने कहा कि द्रौपदी मुर्मू भारत के सबसे खराब दर्शन का प्रतिनिधित्व करती हैं। उन्होंने कहा कि हमें द्रौपदी मुर्मू को ‘आदिवासी का प्रतीक’ नहीं बनाना चाहिए। साथ ही उन्होंने एनडीए की विचारधारा पर भी सवाल उठाए हैं।

उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि “यशवंत सिन्हा बहुत अच्छे प्रत्याशी हैं। द्रौपदी मुर्मू का स्वभाव भी बहुत शालीन है, लेकिन वे भारत की ‘ईविल फिलॉसफी'(बुराई की विचारधारा) का प्रतिनिधित्व करती हैं। हमें द्रौपदी मुर्मू को आदिवासी प्रतीक नहीं बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारे पास राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद हैं। हाथरस में कांड हुआ, क्या उन्होंने इस पर एक शब्द भी कुछ कहा? देश में अनुसूचित जाति की स्थिति बद से बदतर हो गई है।”

इसके अलावा उन्होंने कहा है कि “समान विचारधारा वाली सभी पार्टियों को विपक्षी उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को वोट देना चाहिए। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘प्रतीक’ बनाना और देश के लोगों को बेवकूफ बनाना मोदी सरकार का काम है। यह देश की आत्मा की लड़ाई है और एक जैसी विचारधारा वाली सभी पार्टियों को यशवंत सिन्हा को वोट देना चाहिए।”

बता दें कि आगामी 18 जुलाई को राष्ट्रपति चुनाव होने वाला है। इसे लेकर विपक्षी पार्टियों का एक दूसरे पर हमला जारी है। वहीं एनडीए की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू है तो विपक्ष की ओर से यशवंत सिन्हा है।