भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर साधा निशाना ‘आपने यमुना सफाई के लिए क्या किया?’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10/07/2022): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से सवाल करते हुए कहा कि यमुना को मैला करने का सारा दोष हरियाणा सरकार पर मत डालिए। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि पहले आप बताइए कि आपने यमुना सफाई के लिए क्या किया है? साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के पास 65,000 करोड़ रुपए का बजट है पर आज तक उन्होंने प्रदूषण पर कोई काम नहीं किया।

उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया जी, यमुना को मैला करने का सारा दोष हरियाणा सरकार पर मत डालो, ये बताओ कि आपने यमुना सफाई के लिए क्या किया? लगभग 350 करोड़ लीटर गंदगी रोज यमुना जी में जाती है। इसमें से सिर्फ 20% पानी ही दिल्ली सरकार द्वारा साफ किया जाता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र ने दिल्ली सरकार को STP के लिए 2409 करोड़ रुपए दिए थे जिसका टेन्डर वो 30 महीने तक नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि 2500 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला एशिया का सबसे बड़ा STP जिससे 57 करोड़ लीटर पानी साफ किया जा सकेगा मोदी सरकार द्वारा यमुना सफाई के लिए बनवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बढ़ती प्रदूषण की समस्या के विरुद्ध मोदी सरकार ने बायोडायवर्सिटी पार्क, मेट्रो का विस्तार, हाईवे की दिशा में कई काम किए है ईस्टर्न पेरिफेरल एक्स्प्रेसवे इसका जीवंत उदाहरण है। दिल्ली सरकार के पास 65,000 करोड़ रुपए का बजट है पर आज तक उन्होंने प्रदूषण पर कोई काम नहीं किया।