शिंजो आबे की मृत्यु पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लिखा संदेश पत्र, ‘मैं स्तब्ध हूं’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (08/07/2022): कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर एक संदेश पत्र लिखा है। उन्होंने जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है।

उन्होंनें संदेश पत्र में कहा , “मैं जापान के पूर्व प्रधानमंत्री श्री शिंजो आबे की हत्या से स्तब्ध हूं। कई वर्षों तक आबे भारत के एक महान मित्र और शुभचिंतक रहे। उन्होंने हमारे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार और गहरा करने के लिए बहुत कुछ किया। मुझे उनके साथ अपनी मुलाकात बहुत ही प्यार और स्पष्ट रूप से याद है। यह एक बहुत बड़ा दुर्भाग्य है जो जापान और वास्तव में पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर पड़ा है। उनकी कमी खलेगी।”

बता दें कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर शुक्रवार को नारा की एक सड़क पर भाषण देने के दौरान पीछे से एक शख्स ने हमला किया था। उसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मृत्यु हो गई।