MCD चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल की चेतावनी ,जा सकते हैं कोर्ट। जानें पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (06/07/2022)

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली नगर निगम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव में हार के डर से चुनाव टाल रही है। उन्होंने कहा कि हम एमसीडी चुनाव के लिए लड़ेंगे और जरूरत पड़ी तो चुनाव के लिए कोर्ट भी जाएंगे।

उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बिल लाकर तीनों निगमों के एकीकरण के नाम पर चुनाव टाले हैं। बिल पास होने के बाद कहा गया था कि परिसीमन आयोग बनाएंगे और फिर चुनाव होंगे। एकीकरण को हुए भी लगभग 1.5 महीना हो गया है। लेकिन अभी तक परिसीमन आयोग बनाया ही नहीं और न ही इनका बनाने का मन है।

उन्होंने कहा कि इससे जाहिर होता है कि भाजपा आम आदमी पार्टी से डरती है। वो चुनाव नहीं कराना चाहते। ये जनतंत्र के खिलाफ है, संविधान के खिलाफ है। अगर जल्द से जल्द चुनाव नहीं कराए गए तो हम कोर्ट भी जा सकते हैं।