गुजरात पहुंचे केजरीवाल, पदाधिकारियों को दिलाई ईमानदारी से सेवा करने की शपथ

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03/07/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज गुजरात के अहमदाबाद में है। उन्होंने आज 6988 पदाधिकारियों को ईमानदारी से लोगों की सेवा करने की शपथ दिलवाई है। इस दौरान उन्होंने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम राजनीति में सेवा करने आए हैं। साथ ही उन्होंने पदाधिकारियों को संदेश देते हुए कहा कि ‘इंसान का इंसान से हो भाईचारा, यही पैग़ाम हमारा।’

उन्होंने कहा कि “हम राजनीति में आए हैं, गंदी राजनीति करने नहीं आए हैं, भ्रष्टाचार करने नहीं आए हैं और हम गंदगी फैलाने नहीं आए हैं। देश के अंदर बहुत गंदगी हो गई है। उन्होंने कहा कि ये ध्यान रखना है कि हम सेवा करने के लिए आए हैं और लोगों की मदद करने के लिए आए हैं।”

सीएम केजरीवाल ने कहा कि “आप लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं और आपके आचरण से पता चलना चाहिए कि आप लोग आम आदमी पार्टी से हैं।सबकी मदद करना, अगर कभी बीजेपी वाला मुसीबत में हो या कांग्रेस वाला मुसीबत में हो तो उसकी भी मदद करना है। उन्होंने कहा कि सबकी मदद करनी है इंसान का हो इंसान से भाईचारा यही पैगाम हमारा।”

आगे उन्होंने कहा कि “हमें लड़ाई झगड़ा नहीं करना। हम लड़ाई झगड़ा करने नहीं आए हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की ओर इशारा करते हुए कहा कि लड़ाई झगड़ा उनको मुबारक, गुंडागर्दी उनको मुबारक। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शरीफ और ईमानदार लोगों की पार्टी है।”