उदयपुर घटना पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा- ‘यह कोई दो धर्मों के बीच का झगड़ा नही बल्कि आंतकवाद से संबंधित है’

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (30/06/2022): राजस्थान के उदयपुर की घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। इस घटना को लेकर जहां विपक्षी पार्टियां सरकार को घेर रही हैं। तो वहीं कई जगह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस घटना को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने लोगों से अपील किया है कि वो धरना-प्रदर्शन ना करें, शांति बनाए रखें और प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। जिस तरह से हत्या की गई वो जघन्य अपराध है। हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुजरिमों को पकड़ लिए है। उन्होंने कहा कि रात भर में पता लगा लिया गया कि इनका अंतराष्ट्रीय संगठनों से संबंध था। इसका मतलब है कि यह घटना आंतकवाद से संबंधित थी। यह कोई दो धर्मों के बीच का झगड़ा नही था।

उन्होंने कहा कि UAPA की धाराओं में केस दर्ज़ कर लिया गया है, जिसके बाद NIA ने यह केस ले लिया है। NIA त्वरित कार्रवाई करते हुए मुजरिमों को जल्द सजा दिलवाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेशवासियों से अपील करूंगा कि वो धरना-प्रदर्शन ना करें, शांति बनाए रखें। सरकार पूरी तरह से मुस्तैद है और हम ये सुनिश्चित करेंगे कि कैसे इनको सजा मिले।

बता दें कि 28 जून को दो लोगों ने दर्ज़ी कन्हैया लाल का सिर काट दिया था। उन्होंने भाजपा से निलंबित नूपुर शर्मा के बयान का कथित रूप से समर्थन करते हुए ऑनलाइन पोस्ट किया था।