बीजेपी कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प, दिल्ली को हरा-भरा बनाने के लिए लगाएंगे 2 लाख पौधे

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (29/06/2022): दिल्ली को हराभरा बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया है कि 6 जुलाई तक 2 लाख पौधे लगाएंगे और उनकी देखरेख करेंगे। दरअसल कल मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया था। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुख़र्जी स्मृति पखवाड़े में सभी जिलों में लगने वाले दो लाख पौधों से भरी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली के अंदर इस वक्त पर्यावरण का संकट है और केजरीवाल सरकार द्वारा 6 लाख वृक्षों को लगाने का वायदा किया था जो आज तक पूरा नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली को हरा-भरा बनाने के लिए भाजपा ने जो संकल्प लिया है, उसके तहत बूथ स्तर तक 2 लाख वृक्ष लगाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 6 जुलाई तक बूथ स्तर पर 2 लाख पौधे लगाएंगे और साथ में उनकी देखरेख करेंगे। पर्यावरण बिगड़ने की चिंता भाजपा को है और इसका समाधान सिर्फ पौधे लगाना है। इसलिए भाजपा पर्यावरण बचाने के लिए दिल्ली को हरा-भरा बनाने के लिए वृक्ष लगाए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि 13820 बूथों पर यह कार्यक्रम चलेगा। बूथ स्तर पर पार्क हो, योग केंद्र हो, खुले स्थान हो, स्टेडियम हो, व्यायामशाला हो, ऐसी जगहों को चिन्हित कर वहां पौधे लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि राजनीति के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता समाजिक सरोकार भी रखते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ग्लोबल सब्मीट में जाकर क्लाइमेट चेंज पर जो सुक्षाव देते हैं वह सिर्फ सुना ही नहीं जाता बल्कि दूसरे देशों द्वारा उसपर अमल भी किया जाता है, जो हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने भाजपा के सभी जिला अध्यक्षों सहित कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह अभियान भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का अभियान है इसलिए इसमें सबकी सहभागिता महत्वपूर्ण है।

इस मौके पर कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजन तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव एवं बरखा सिंह, महिला मोर्चा की अध्यक्षा योगिता सिंह, प्रदेश मंत्री नीलम धीमान, कार्यक्रम के सह-प्रमुख रवि नेगी, कार्यालय मंत्री हुकम सिंह, सभी जिलों के अध्यक्ष सहित प्रदेश, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी उपस्थित थे।