अग्निपथ योजना को लेकर कांग्रेस पार्टी का जंतर-मंतर पर ‘सत्याग्रह’, प्रियंका गांधी वाड्रा ने सरकार पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (19/06/2022): राजधानी दिल्ली में आज रविवार को अग्निपथ योजना के विरोध में कांग्रेस पार्टी जंतर-मंतर पर ‘सत्याग्रह’ कर रही हैं। इस सत्याग्रह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और सचिन पायलट सहित पार्टी के अन्य नेता शामिल हुए है। इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप का दर्द पूरा देश समझ रहा है लेकिन आप ये मत भूलिए कि ये देश आपका है, इस देश की संपत्ति आपकी है। इसे सुरक्षित रखना आपका कर्तव्य है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगे कहा कि हम सत्याग्रह पर बैठे हैं। अहिंसा द्वारा लड़ी गई लड़ाई हरीवंश राय जी की कविता का नाम इस स्कीम को दिया गया जो इस देश के नवयुवकों को मार डालेगा। ये ऐसी स्कीम है जो सेना को खत्म कर देगी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से, शांतिपूर्वक तरीके से इस सरकार को खत्म कीजिए।

वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि “कोविड के बहाने से आपने 2 साल से भर्तियां रोक रखी थी। 1.25 लाख भर्तियां केवल फौज में खाली है। आप सिर्फ भ्रमित कर लोगों का भविष्य खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हम सत्याग्रह कर सरकार को यह योजना वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे।