राजेन्द्र नगर उपचुनाव में आप को मिली बढ़त, बीजेपी और कांग्रेस के नेता हुए आप में शामिल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (15/06/2022): दिल्ली के राजेन्द्र नगर उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली है। दरअसल दिल्ली की राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे वैसे नेताओं का दल-बदल का सिलसिला तेजी से बढ़ रहा है।आज बुधवार को भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरप्रीत सिंह, तरुण शर्मा, अरविन्दर सिंह, अमित मेहता और एन.के. शुक्ला को आम आदमी पार्टी की सदस्यता दिलाई है। इस बात की जानकारी आम आदमी पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर करके दिया है।

उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “राजेंद्र नगर विधानसभा में AAP के हाथों को और मज़बूत करते हुए माननीय उपमुख्यमंत्री श्री मनीष सिसोदिया जी ने BJP कांग्रेस से आए गुरप्रीत सिंह, तरुण शर्मा, अरविन्दर सिंह, अमित मेहता और श्री एन.के. शुक्ला को AAP की सदस्यता दिलाई। मैं आप सभी का आम आदमी पार्टी में स्वागत करता हूँ।”

बता दें कि राजेन्द्र नगर विधानसभा सीट पर 23 जून को उपचुनाव होने वाला है। इस विधानसभा सीट के लिए आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में बराबर की टक्कर देखने को मिल सकता है। दोनों ही पार्टियां इस विधानसभा सीट के जोरदार प्रचार में लगे हुए हैं।