दिल्ली के मुख्यमंत्री पर कार्रवाई करने को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र, जानें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (25/05/2022): भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि आज दिल्ली के लोग साफ पानी के लिए तरस रहे हैं। आम जनता पानी की समस्या से परेशान है क्योंकि दिल्ली जलबोर्ड द्वारा सप्लाई किए जाने वाला पानी बदबूदार आ रहा है। उसे पीना तो दूर इंसान उससे हाथ तक नहीं धो सकते हैं। दरअसल कल यानी मंगलवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र लिखकर मांग किया है कि दिल्ली के 100 से अधिक जगहों का सेंपल लेकर जहरीले, गंदे और बदबूदार पानी की जांच की जाए और इसके जिम्मेदार दिल्ली के मुख्यमंत्री सहित जलबोर्ड के चेयरमैन, उपाध्यक्ष और जलबोर्ड के अन्य अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि दिल्ली जलबोर्ड द्वारा सप्लाई किए जा रहे बोतल में भरे पानी को दिखाते हुए कहा कि गोकलपुरी, जसोला और दर्जनों स्थानों से लिए गए इस पानी से सीवर की दुर्गंध आ रही है। यही पानी टंकी के अंदर चला जाता है, जिससे कपड़ा धोने और नहाने के लिए दिल्ली के लोग मजबूर हैं। आज वही दूषित पानी लोग पी रहे हैं। लेकिन केजरीवाल अपने घर में फिल्टर लगाकर इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को पता होना चाहिए कि दिल्ली में हर एक व्यक्ति घर में ऑरो नहीं लगवा सकते हैं। उन्होंने केजरीवाल को आगाह करते हुए कहा कि दिल्ली की जनता की सेहत का थोड़ा भी ख्याल है तो गंदे पानी की सप्लाई पर रोक लगाएं।

उन्होंने कहा कि लोगों का कहना है कि पिछले दो-दो महीनों से लगातार गंदा और बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं और जब इसकी शिकायत हम जलबोर्ड में करते हैं तो उन्हें वहां से भगा दिया जाता है। घर में पानी ना आने की वजह से बच्चे समय पर स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। कई लोग गंभीर बीमारियों से पीड़ित होकर अस्पताल जा रहे हैं जहां उनकी जांच तक नहीं हो पाती है। लोगों का साफ कहना है कि हम खाने के बिना जिंदा रह सकते हैं, लेकिन पानी के बिना कैसे रहें।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हमेशा हक और अधिकार की बात करते हैं, लेकिन क्या दिल्ली की जनता को साफ पानी पीने का हक नहीं है। केजरीवाल दिल्ली के लोगों को भेड़-बकरियों की तरह हांकना और जान के साथ खिलवाड़ करने की बात को जो चरितार्थ कर रहे हैं, उसे बंद करें। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार 57000 करोड़ रुपये दिल्ली जलबोर्ड को अनुदान देकर भूल चुकी है। दिल्ली जल बोर्ड को कंगाल करने वाले केजरीवाल को दिल्ली की जनता से माफी मांगनी चाहिए क्योंकि दिल्ली जलबोर्ड आज भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता में बैठकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं और दिल्ली की जनता को गंदा, जहरीला पानी पिला रहे हैं, उन्हें जेल के अंदर होना चाहिए।