‘केंद्रीय एजेंसियां लोकतंत्र का गला घोंट रही हैं’ राहुल गांधी के बयानों का शिवसेना नेता संजय राउत ने किया समर्थन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21/05/2022): कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंदन के कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में आइडियाज फॉर इंडिया सम्मेलन में शामिल हुए इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत अच्छी स्थिति में नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने पूरे देश में मिट्टी का तेल फैला दिया है। आपको एक चिंगारी चाहिए और हम बड़ी मुसीबत में पड़ जाएंगे। इस बयान को लेकर सियासत गरमा गया है और एक-दूसरों पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला शुरू हो गया है।

शिवसेना के नेता संजय राऊत ने राहुल गांधी के समर्थन में कहा कि राहुल गांधी ने जो बात कही है, वह सच है। जो बीजेपी के विरोधी है, उनके ख़िलाफ़ केंद्रीय एजेंसियां जिस प्रकार से मुहीम चला रही है। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। लोग आज भी डरे हुए हैं। देश में लोकतंत्र ज़रूर है लेकिन इस प्रकार का लोकतंत्र जिसका गला केंद्रीय एजेंसियां घोंट रही हैं। यह हमने पहले कभी नहीं देखा था।

वहीं मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि राहुल गांधी का बयान देशद्रोह की श्रेणी में आता है। खाते हो भारत का और गाते हो पाकिस्तान और चीन का। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम गिराना यह कांग्रेस की आदत रही है। आप भारत में हमें गाली दो चलेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आप भारत की राजनीतिक हस्ती हो इसलिए आपको वहां बुलाया गया था। आप वहां पर भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और आप भारत की बुराई कर रहे थे और भारत के ख़िलाफ़ बात कर रहे हो। यह बहुत गंभीर मामला है।

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि भारत अच्छी स्थिति में नहीं है। BJP ने पूरे देश में मिट्टी का तेल फैला दिया है। आपको एक चिंगारी चाहिए और हम बड़ी मुसीबत में पड़ जाएंगे। मुझे लगता है कि यह विपक्ष, कांग्रेस की भी जिम्मेदारी है जो लोग, समुदायों, राज्यों और धर्मों को एक साथ लाती है। हमें इस तापमान को ठंडा करने की ज़रूरत है क्योंकि अगर यह तापमान ठंडा नहीं हुआ तो चीजें गलत हो सकती हैं।