‘देश की जनता भाजपा को बहुत विश्वास से, बहुत उम्मीद से देख रही है’: बैठक के दौरान बोले पीएम मोदी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/05/2022): राजस्थान के जयपुर में आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लिए है। इस दौरान उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंघ से लेकर हमारी जो यात्रा शुरु हुई और भाजपा के रूप में फली-फूली, पार्टी के इस स्वरूप को, उसके विस्तार को देखते हैं, तो गर्व तो होता ही है, लेकिन इसके निर्माण में खुद को खपाने वाली पार्टी की सभी विभूतियों को मैं आज नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि आज ये वर्ष श्रद्धेय सुंदर सिंह भंडारी जी की जन्म शताब्दी का भी वर्ष है। हम सब ऐसे प्रेरणा पुरुष को हृदय से प्रणाम करते हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया आज भारत को बहुत उम्मीदों से देख रही है।ठीक वैसे ही भारत में भाजपा के प्रति, जनता का एक विशेष स्नेह है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा को बहुत विश्वास से, बहुत उम्मीद से देख रही है। देश की जनता की ये आशा-आकांक्षा हमारा दायित्व बहुत बढ़ा देती है। उन्होंने कहा कि आजादी के इस अमृत काम में देश अपने लिए अगले 25 वर्षों के लक्ष्य तय कर रहा है। भाजपा के लिए ये समय है और अगले 25 वर्षों के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए निरंतर काम करना है। उन्होंने कहा कि हमारा दर्शन है पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद और अंत्योदय का है। उन्होंने कहा कि हमारा चिंतन डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की सांस्कृतिक राष्ट्रनीति का है। उन्होंने कहा हमारा मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ है।

उन्होंने कहा कि हमारे देश में एक लंबा कालखंड ऐसा रहा जब लोगों की सोच ऐसी हो गई थी कि बस किसी तरह समय निकल जाए। उनको ना सरकार से अपेक्षा थी और ना ही सरकार उनके प्रति अपनी कोई जवाबदेही समझती थी। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद भाजपा देश को इस सोच से बाहर निकालकर लाई है। उन्होंने कहा कि मैं देश के उज्ज्वल भविष्य को भली भांति देख रहा हूं। जब मैं आत्मविश्वास से भरे हुए देश के युवाओं को देखता हूं, कुछ कर गुजरने के हौसले के साथ आगे बढ़ती हुई बहन-बेटियों को देखता हूं तो मेरा आत्मविश्वास भी कई गुना बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि आजादी के इस अमृत काल में देश बड़े लक्ष्यों पर काम कर रहा है, तब हमें कुछ बातें और भी याद रखनी जरूरी है। भाजपा कार्यकर्ता होने के नाते हमें चैन से बैठने का कोई हक नहीं है, कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज भी हम अधीर हैं, बेचैन हैं, आतुर हैं क्योंकि हमारा मूल लक्ष्य, भारत को उस उंचाई पर पहुंचाना है जिसका सपना देश की आजादी के लिए मर-मिटने वालों ने देखा था।

साथ ही उन्होंने कहा कि इस महीने केंद्र की भाजपा सरकार के, एनडीए सरकार के 8 वर्ष पूरे हो रहे हैं। ये 8 वर्ष संकल्प के रहे हैं, सिद्धियों के रहे हैं। ये 8 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये 8 वर्ष देश के छोटे किसानों, श्रमिकों, मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं को पूरा करने वाले रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये 8 वर्ष देश के संतुलित विकास, सामाजिक न्याय और सामाजिक सुरक्षा के लिए रहे हैं। ये 8 वर्ष देश की माताओं-बहनों-बेटियों के सशक्तिकरण, उनकी गरिमा बढ़ाने के प्रयासों के नाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं सैचुरेशन की बात करता हूं। सैचुरेशन सिर्फ पूर्णता का आकंड़ा भर नहीं है। ये भेदभाव, भाई-भतीजावाद, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार के चंगुल से देश को बाहर निकालने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरकार पर, सरकार की व्यवस्थाओं पर, सरकार के डिलीवरी मैकेनिज्म पर किसी समय देश का जो भरोसा उठ गया था। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद जनता जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा सरकार उसे वापस लेकर आई है। उन्होंने कहा कि आज गरीब से गरीब भी अपने आसपास लोगों को योजनाओं का लाभ मिलते देख रहा है। वो आज बहुत विश्वास से कहता है कि एक न एक दिन मुझे भी इस योजना का लाभ अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा कि जिस एक और विषय पर हमें निरंतर काम करते रहना है वो है देश में विकास वाद की राजनीति की चौतरफा, चारों दिशा में स्थापना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी दल हो, उसको भी विकासवाद की राजनीति पर आने के लिए मजबूर करना है। उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि आज कुछ पार्टियों का इकोसिस्टम पूरी शक्ति से देश को मुख्य मुद्दों को भटकाने में लगा हुआ है। हमें कभी ऐसी पार्टियों के जाल में नहीं फंसना है।

उन्होंने कहा कि हमें कभी कोई शॉर्ट-कट नहीं लेना है। हमें देशहित से जुड़े जो भी बुनियादी विषय हैं, जो मुख्य मुद्दे हैं उन्हीं पर आगे बढ़ना है। और ये मुख्य मुद्दे क्या हैं? उन्होंने कहा कि गरीब का कल्याण, गरीब का जीवन आसान बनाने के लिए, गरीब को सशक्त करने के लिए हमें लगातार काम करना है। उन्होंने कहा कि मैं आज के युवाओं की भाषा में कहूं, तो जो भारत के समृद्ध भविष्य के कोड लिखने के लिए लालायित हैं, ऐसे हर युवा को हमें भाजपा के साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हमें ये याद रखना है कि परिवारवाद की राजनीति से विश्वासघात खाने वाले देश के युवाओं का विश्वास सिर्फ भाजपा ही लौटा सकती है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से ही वंशवाद और परिवार वाद ने देश का कितना भयंकर नुकसान किया है। उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियों ने देश में भ्रष्टाचार को, धांधली को, भाई-भतीजा वाद को, इसी को आधार बनाकर देश का बहुत मूल्यवान समय बर्बाद किया है। ये परिवारवादी पार्टियां आज भी देश को पीछे ले जाने पर तुली हुई हैं। उनका सार्वजनिक जीवन परिवार से शुरू होता है, परिवार के लिए चलता है, परिवार के खातिर ही करता है। उन्होंने कहा कि भजपा को इन परिवारवादी पार्टियों से निरंतर मुकाबला करना है। परिवारवाद-वंशवाद लोकतंत्र के लिए ये सबसे घातक परंपरा है। उन्होंने कहा कि नई नेशनल एजुकेशन पॉलिसी में स्थानीय भाषाओं को प्राथमिकता देना, हर क्षेत्रीय भाषा के प्रति हमारे कमिटमेंट को दिखाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा, भारतीय भाषाओं को भारतीयता की आत्मा मानती है और राष्ट्र के बेहतर भविष्य की कड़ी मानती है।