स्कूल की किताबों से सरदार भगत सिंह जी का नाम हटाना अमर शहीद की क़ुर्बानी का अपमान है, केजरीवाल ने भाजपा पर कसा तंज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (17/05/2022): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लोग अमर शहीद सरदार भगत सिंह जी से इतनी नफ़रत क्यों करते हैं? दरअसल कर्नाटक के बीजेपी सरकार ने कक्षा 10 की किताब से भगत सिंह के अध्याय को हटाकर उनके जगह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के एक भाषण को पुस्तक में शामिल किया है। इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर भारतीय जनता पार्टी पर शिकंजा साधते हुए कहा कि स्कूल की किताबों से सरदार भगत सिंह जी का नाम हटाना अमर शहीद की क़ुर्बानी का अपमान है। साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार को ये फैसला वापस लेना होगा।

केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “बीजेपी के लोग अमर शहीद सरदार भगत सिंह जी से इतनी नफ़रत क्यों करते हैं? स्कूल की किताबों से सरदार भगत सिंह जी का नाम हटाना अमर शहीद की क़ुर्बानी का अपमान है। देश अपने शहीदों का ये अपमान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। BJP सरकार को ये फ़ैसला वापस लेना होगा।”

बता दें कि कर्नाटक सरकार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के भाषण को दसवीं की कन्नड़ अद्यतन पुस्तक में शामिल किया है। पहले इसके जगह शहीद भगत सिंह पर आधारित अध्याय था। वहीं कर्नाटक सरकार के इस फैसले से छात्र संगठन गुस्से में है।