बड़ी अपडेट: चारधाम यात्रा के लिए नई गाइडलाइंस जारी, बढ़ाई गई इतने यात्रियों की संख्या

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (11/05/2022): चारधाम की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए सरकार ने नई गाइडलाइंस जारी किए हैं। दरअसल चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सरकार ने रोजाना दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या को बढ़ा दिया है। नई गाइडलाइंस के मुताबिक सरकार ने 4 धामों में तीर्थयात्रियों के पंजीकरण में 1,000 यात्रियों की वृद्धि की गई हैं और चारधाम यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को पंजीकरण कराना अनिवार्य हैं। सरकार ने सभी पुलिस चौकियों को कड़ाई से जांच करने के निर्देश दिए हैं। ये व्यवस्था यात्रा के शुरूआती 45 दिनों तक लागू रहेगा।

इस मामले में उत्तराखंड DGP अशोक कुमार ने बताया कि सरकार ने चारधाम यात्रा के लिए निर्णय लिया है कि सिर्फ रजिस्ट्रेशन करने वालों को ही यात्रा की अनुमति होगी। भद्रकाली और तपोवन में पुलिस चेकिंग व्यवस्था कर दी है, ऐसा ही एक प्वाइंट गंगोत्री में, एक यमुनोत्री में, एक केदारनाथ में, 2 प्वाइंट चमोली में बनाए हैं।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के अनुसार, चार धाम में अब तक 2 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। 77,656 तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ धाम के दर्शन किए हैं, जबकि 49,215 ने गंगोत्री धाम, 46,405 ने यमुनोत्री धाम और 30,773 ने बद्रीनाथ धाम के दर्शन किए।

बता दें कि नई गाइडलाइंस के अनुसार अब बदरीनाथ धाम में 16000, केदारनाथ में 13000, गंगोत्री में 8000 और यमुनोत्री धाम में 5000 यात्री रोजाना एक साथ दर्शन कर सकेंगे। इससे पहले तीर्थयात्रियों की संख्या बदरीनाथ धाम में 15000, केदारनाथ में 12000, गंगोत्री में 7000 और यमुनोत्री धाम में 4000 था।